छत्तीसगढ़ / कांकेर

किसानों से खाद-बीज का अग्रिम उठाव करने कलेक्टर ने की अपील

 उत्तर बस्तर कांकेर : किसानों से खाद-बीज का अग्रिम उठाव करने कलेक्टर ने की अपील

 
 उत्तर बस्तर कांकेर, 27 मई 2026
कलेक्टर श्री निलेशकुमार क्षीरसागर ने जिले के किसानों से खाद-बीज का अग्रिम उठाव करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिले के सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक भण्डारण किया जा रहा है, जिसका अग्रिम उठाव किसान भाई करें। वर्तमान में सहकारी समितियों में यूरिया- 7197 मेट्रिक टन, डी.ए.पी. 1588 मेट्रिक टन, सुपर फास्फेट 4614 मेट्रिक टन, पोटाश 2663 मेट्रिक टन और एन.पी.के 6833 मेट्रिक टन का भण्डारण किया जा चुका है। डीएपी के विकल्प के तौर पर सुपर फास्फेट और एन.पी.के. उर्वरकों के उपयोग की सिफारिश कृषि वैज्ञानिक के द्वारा किया गया है। जिसके आधार पर इस समितियों से कृषकों को उर्वरक वितरण किया जा रहा है। इसके साथ ही समितियों के माध्यम से नैनो यूरिया और नैनो डीएपी भी किसानों को वितरित किया जा रहा है,

जिसका उपयोग बीजोपचार एवं खड़ी फसल में छिड़काव दोनांे तरीके से किया जा सकता है। नैनो उर्वरकों के उपयोग से यूरिया और डी.ए.पी. के कम मात्रा के उपयोग की आवश्यकता होगी, यह नत्रजन और फास्फोरस तत्वों की पूर्ति करता है। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा अपनी आवश्यकता के अनुसार समय पर खाद-बीज का उठाव करें। प्रायः यह देखा जाता है कि कई किसान बारिश शुरू होने के बाद खाद का उठाव करते हैं, जिससे अचानक मांग बढ़ने पर आपूर्ति संबंधी समस्या उत्पन्न होती है। किसान भाईयों से आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी कुछ दिनों में मानसून प्रारंभ होने वाला है और इसी के साथ खरीफ कार्य भी शुरू हो जाएंगे, इसलिए पहले से ही खाद का उठाव कर लेने से आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सकेगा। 
 

Leave Your Comment

Click to reload image