समाधान शिविर में बना आयुष्मान कार्ड, श्री लीलाराम कश्यप को मिली बड़ी राहत
सक्ति |
2026-05-30 12:32:25
सक्ती : समाधान शिविर में बना आयुष्मान कार्ड, श्री लीलाराम कश्यप को मिली बड़ी राहत
श्री लीलाराम कश्यप को मिलेगा 5 लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार का लाभ
सक्ती, 29 मई 2026
जिले में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के समाधान शिविर लोगों के लिए सुविधाओं और राहत का केंद्र बनते जा रहे हैं। शासन की योजनाओं का लाभ अब सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है। जैजैपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत मल्दा में आयोजित समाधान शिविर में एक ऐसी ही सुखद तस्वीर देखने को मिली, जब ग्राम मल्दा निवासी श्री लीलाराम कश्यप को मौके पर ही आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। श्री लीलाराम कश्यप ने शिविर में पहुंचकर आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और अल्प समय में उनका आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें सौंप दिया।
कार्ड प्राप्त होने पर उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि अब बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक चिंता नहीं रहेगी। उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड मिलने से प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक निःशुल्क इलाज की सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को सरकारी एवं सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा दी जाती है। योजना के अंतर्गत गंभीर बीमारियों के इलाज का लाभ भी शामिल है। सुशासन तिहार 2026 के तहत आयोजित समाधान शिविरों के माध्यम से शासन की जनहितकारी योजनाएं गांव-गांव तक पहुंच रही हैं और आम लोगों को त्वरित लाभ मिल रहा है।