छत्तीसगढ़ / सरगुजा

समावेशी शिक्षा के तहत 0 से 18 वर्ष के बच्चों का व्यापक दिव्यांगता सर्वेक्षण 16 जून से

 अम्बिकापुर : समावेशी शिक्षा के तहत 0 से 18 वर्ष के बच्चों का व्यापक दिव्यांगता सर्वेक्षण 16 जून से

 
 
अम्बिकापुर 10 जून 2026
समावेशी शिक्षा के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) की पहचान नामांकन एवं आवश्यक शैक्षणिक सहयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 में वर्णित 21 प्रकार की दिव्यांगताओं की पहचान करने हेतु राज्य में 0 से 18 आयु वर्ग के बच्चों का व्यापक सर्वेक्षण अभियान चलाया जा रहा है। 

इसी हेतु जिले के सात विकासखण्डों में समग्र शिक्षा अंतर्गत दिव्यांग बच्चों का व्यापक सर्वेक्षण किया जाना प्रस्तावित है। सर्वेक्षण के प्रभावी संचालन एवं कार्ययोजना निर्माण हेतु कलेक्टर एवं मिशन संचालक सरगुजा श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन में बैठक सह कार्यशाला का आयोजन जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में किया गया।
 
इस दौरान सर्वेक्षण की व्यापक कार्ययोजना एवं समय-सारणी में विचार करते हुए अंतर विभागीय समन्वय से परिणाम मूलक रणनीति तैयार कर आगामी 16 जून 2026 से 07 जुलाई 2026 तक सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण करने हेतु सम्बंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी श्री दिनेश झा द्वारा दिया गया। सर्वेक्षण के व्यापक कार्ययोजना के अंतर्गत जमीनी स्तर के कर्मचारियों जिसमें प्रत्येक विद्यालय से एक शिक्षक जो Inclusive Education Ambbassador के रूप में तैयार कर सुपरवाइजर, आंगनबाडी कार्यकर्ता, मितानिन का दल गठन कर प्रत्येक ग्राम स्तर पर सर्वेक्षण का दायित्व प्रदान किया गया है।

इस दौरान बताया गया कि संयुक्त दल का प्रशिक्षण सत्र सम्बंधित संकुलो में 08 जून से 15 जून तक आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण दल को प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण प्रदान करते हुए सर्वेक्षण से सम्बंधित प्रपत्र एवं 21 प्रकार की दिव्यांगता से संबंधित चेकलिस्ट व सर्वेक्षण कार्य करने का प्रशिक्षण सर्वेक्षण दल को प्रदान किया जाएगा।
 
जिसकी मॉनटिरिंग संकुल स्तर, विकासखण्ड स्तर एवं जिला स्तर पर किये जाने हेतु टीम का गठन किया गया है, जिसमें क्रमशः विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, खण्ड स्त्रोत समन्वयक एवं जिला स्तर पर सहायक कार्यक्रम समन्वयक समावेशी शिक्षा द्वारा किया जाएगा। 07 जुलाई 2026 तक सर्वे के सर्वेक्षण उपरांत 17 जुलाई 2026 तक विभिन्न स्तर पर आंकड़ों का संकलन एवं सत्यापन कर राज्य कार्यालय समग्र शिक्षा को प्रेषित किया जाएगा।
 
चिन्हांकित दिव्यांग बच्चों को शिक्षा व्यवस्था से जोड़ते हुए शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्रदान कराया जाएगा जैसे-सहायक उपकरण आवश्यक उपचार, थेरेपी, गृहआधारित शिक्षा, छात्रवृत्ति दिव्यांगता प्रमाण-पत्र हेतु आंकलन शिविर का आयोजन जैसे कार्यक्रम विभिन्न विभागों के सहयोग से संचालित किया जाएगा।

सर्वेक्षण कार्य हेतु दल के सभी सदस्यों को जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि बच्चों के चिन्हांकन में पूरी संवेदनशीलता एवं गम्भीरता बरतने का निर्देश देते हुए कोई भी पात्र बच्चा सर्वेक्षण से वंचित न रहे। जिला मिशन समन्वयक सर्वजीत पाठक ने दिव्यांग बच्चों के चिन्हांकन हेतु व्यापक सर्वेक्षण के कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए दिव्यांगता के लक्षणों की सूक्ष्म पहचान, श्रेणी का निर्धारण कर सावधानीपूर्वक परीक्षण के साथ-साथ दिव्यांगताओं के प्रकार, खासतौर से सामान्य रूप से दिखाई न देने वाले लक्षण से ग्रसित बच्चों की पहचान चेकलिस्ट के आधार पर करने, सर्वे प्रपत्र के त्रुटिरहित तैयार करने का निर्देश एवं मार्गदर्शन करते हुए सर्वेक्षण कार्य का समयबद्ध एवं प्रभावीरूप से सम्पादित करने पर बल दिया। इस कार्य को सम्पन्न कराने में शहरी क्षेत्र में चुने गये जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण क्षेत्र में सम्बधित ग्राम के सरपंच, वार्ड पंच, सचिव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का सहयोग आपेक्षित होगा 

बैठक में ए डी.पी.ओ. समग्र शिक्षा, जिला परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास विभाग, उप संचालक समाज कल्याण विभाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला सरगुजा, जिले के समस्त विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक, राज्य से प्रशिक्षित ए.पी.सी. एवं बी.आर.पी./स्पेशल एजूकेटर उपस्थित रहे।
 

Leave Your Comment

Click to reload image