उप जेल मनेन्द्रगढ़ में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन
एमसीबी।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के निर्देशन में आज दिनांक 16 जून 2026 को उप जेल मनेन्द्रगढ़ में बंदियों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बंदियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच, संक्रामक एवं गैर-संचारी रोगों की पहचान तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराना था। यह शिविर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जारी आदेशानुसार गठित स्वास्थ्य दल द्वारा संपन्न किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि जेलों में नियमित स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से बंदियों के स्वास्थ्य की सतत निगरानी की जा रही है, जिससे रोगों की समय पर पहचान, उपचार एवं आवश्यक रेफरल सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष शिविरों का आयोजन कर बंदियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता रहेगा।