छत्तीसगढ़ / कांकेर

अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट हेतु स्कूलों में चलाया जा रहा विशेष अभियान

05 से 17 वर्ष तक के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट निःशुल्क

उत्तर बस्तर कांकेर, 24 जून 2026

जिले में बच्चों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित कर 05 से 17 वर्ष तक के बच्चों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यूआईडीएआई के दिशा-निर्देशों के तहत 05 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर बच्चों का पहला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कराना आवश्यक है। इसी प्रकार 15 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद दूसरा अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट करवाना भी आवश्यक है। यदि बच्चे का पहला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट समय पर नहीं कराया गया है, तो पहला बायोमेट्रिक अपडेट निःशुल्क किया जा रहा है। इसके बाद बायोमेट्रिक अपडेट कराने पर 125 रुपये शुल्क लेने का प्रावधान है। वर्तमान में जिले में 05 से 17 वर्ष तक के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। 
जिला प्रशासन ने सभी पालकों से अपील की है कि जिन बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट अभी तक नहीं हुआ है, वे अपने नजदीकी आधार केंद्र अथवा आयोजित विशेष शिविरों में पहुंचकर अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पूर्ण कराएं। आधार बायोमेट्रिक अपडेट होने से बच्चों की आधार संबंधी जानकारी अद्यतन रहती है, जिससे भविष्य में केवाईसी, स्कूल प्रवेश, छात्रवृत्ति तथा अन्य आधार आधारित सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती। सभी अभिभावकों से आग्रह किया गया है कि 05 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे बच्चे जिनका अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है, उनका आधार अपडेट जल्द से जल्द कराकर शासन की निःशुल्क सुविधाओं का लाभ उठाएं।

Leave Your Comment

Click to reload image