छत्तीसगढ़ / सरगुजा

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 5 दिवसीय योग शिविर का सफल आयोजन

 विश्व योग दिवस के अवसर पर शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर पुलिस लाइन अंबिकापुर में हुआ योगाभ्यास

अधिकारियों-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

अम्बिकापुर 24 जून 2026

 राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा, अंबिकापुर (जिला-सरगुजा) के अधीन शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर पुलिस लाइन अंबिकापुर में विश्व योग दिवस के अवसर पर 17 जून से 21 जून 2026 तक पांच दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के 12वें संस्करण के अवसर पर किया गया, जिसका उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।

योग शिविर का आयोजन प्रभारी चिकित्सा अधिकारी शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा के मार्गदर्शन एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. उत्कर्ष सोनी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शिविर में योग प्रशिक्षक योगिनी श्रीमती सुभमा तिवारी ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का प्रशिक्षण प्रदान करते हुए नियमित योग के महत्व से प्रतिभागियों को अवगत कराया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. भारती परिहार, डॉ. नम्रता सिंह तथा आयुष टीम का विशेष योगदान रहा। शिविर में शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा समस्त शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।

पांच दिवसीय इस योग शिविर के माध्यम से प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों की जानकारी दी गई तथा दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन का समापन 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ।

Leave Your Comment

Click to reload image