छत्तीसगढ़ / कांकेर

पॉलीटेक्निक प्रवेश हेतु द्वितीय चरण की काउंसिलिंग 26 जून से प्रारंभ

 उत्तर बस्तर कांकेर, 25 जून 2026

तकनीकी शिक्षा संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा पॉलीटेक्निक डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए द्वितीय चरण की काउंसिलिंग 26 जून से प्रारंभ की जा रही है। प्रथम चरण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विभिन्न शाखाओं में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों में ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।
शासकीय पॉलीटेक्निक कांकेर के प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र सिंह ने बताया कि द्वितीय चरण की काउंसिलिंग हेतु ऑनलाइन पंजीयन 26 से 30 जून तक किया जाएगा। सीट आबंटन सूची 03 जुलाई को शाम 05 बजे जारी होगी, जबकि चयनित अभ्यर्थी 04 से 09 जुलाई तक संबंधित संस्थान में प्रवेश ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि शासकीय पॉलीटेक्निक कांकेर में सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग शाखाओं का संचालन किया जा रहा है। प्रत्येक शाखा में 30-30 सीटें उपलब्ध हैं। कांकेर एवं बस्तर संभाग के विद्यार्थियों के लिए पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा (पीपीटी) में शामिल होना अनिवार्य नहीं है। ऐसे विद्यार्थी बिना पीपीटी परीक्षा दिए भी ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया के माध्यम से प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा हासिल करने का बेहतर अवसर मिल रहा है। इसके अलावा 10वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी प्रथम वर्ष में प्रवेश के पात्र हैं, जबकि 12वीं विज्ञान (गणित) एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी लेटरल एंट्री योजना के अंतर्गत सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। इन अभ्यर्थियों को भी निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन पंजीयन करना होगा। संस्थान में छात्राओं के लिए शिक्षा निःशुल्क है तथा शिक्षण शुल्क पूरी तरह माफ है। इसके साथ ही प्रशिक्षित एवं अनुभवी प्राध्यापकों द्वारा शिक्षण, सुसज्जित प्रयोगशालाएं, आधुनिक पुस्तकालय, प्लेसमेंट एवं कैरियर मार्गदर्शन तथा रैगिंग-मुक्त परिसर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। प्राचार्य ने पात्र विद्यार्थियों से समय पर ऑनलाइन पंजीयन कर काउंसिलिंग प्रक्रिया में शामिल होने और तकनीकी शिक्षा के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave Your Comment

Click to reload image