छत्तीसगढ़ / सरगुजा

अम्बिकापुर में बिरसा मुण्डा जयंती और हुल क्रांति दिवस पर 30 जून से दो दिवसीय कार्यक्रम

 अम्बिकापुर, 29 जून 2026

आदिम जाति विकास विभाग, अम्बिकापुर, जिला सरगुजा (छत्तीसगढ़) द्वारा भगवान बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती एवं हुल क्रांति दिवस के अवसर पर 30 जून एवं 1 जुलाई 2026 को दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा होंगी। कार्यक्रम के प्रथम दिवस 30 जून 2026 को अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे तक पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, अम्बिकापुर में भगवान बिरसा मुण्डा तथा सिद्धू-कान्हू के जीवन, संघर्ष और आदिवासी समाज के उत्थान में उनके अमूल्य योगदान पर विचार-विमर्श, व्याख्यान एवं संवाद का आयोजन किया जाएगा। द्वितीय दिवस 1 जुलाई 2026 को प्रातः 11ः00 बजे से 12ः00 बजे तक सर्किट हाउस, अम्बिकापुर में मुख्य अतिथि डॉ. आशा लकड़ा जनजातीय समुदाय के प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों के साथ उनकी समस्याओं, चुनौतियों तथा विभिन्न समसामयिक विषयों पर संवाद एवं चर्चा करेंगी। इस दो दिवसीय आयोजन का उद्देश्य भगवान बिरसा मुण्डा तथा सिद्धू-कान्हू के आदर्शों एवं बलिदान को जन-जन तक पहुँचाना, जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सार्थक संवाद स्थापित करना तथा उनकी समस्याओं के समाधान हेतु प्रभावी पहल को प्रोत्साहित करना है। आदिम जाति विकास विभाग ने जनप्रतिनिधियों, जनजातीय समाज के प्रबुद्धजनों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Leave Your Comment

Click to reload image