छत्तीसगढ़ / सक्ति

कलेक्टर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले समिति पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को किया सम्मानित

 सहकारिता विभाग द्वारा सहकारी सप्ताह का सफल समापन, सहकार से समृद्धि अंतर्गत प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

 सक्ती, 06 जुलाई 2026

कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में सहकारिता विभाग, जिला सक्ती द्वारा 29 जून 2026 से 06 जुलाई 2026 तक जिले में सहकारी सप्ताह का आयोजन किया गया। सप्ताह भर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से "सहकार से समृद्धि" की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने, सहकारी संस्थाओं को सशक्त बनाने तथा किसानों, बुनकरों, मत्स्य पालकों एवं डेयरी क्षेत्र से जुड़े सदस्यों को सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

            कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो की उपस्थिति में सहकारी सप्ताह के समापन अवसर पर आज  "सहकार से समृद्धि" अंतर्गत प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित किया गया। कार्यशाला में सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी, संस्था प्रबंधक, कंप्यूटर ऑपरेटर, शाखा प्रबंधक, पर्यवेक्षक तथा विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में सहकारी संस्थाओं के प्रभावी संचालन, डिजिटलीकरण, पारदर्शिता, सुशासन तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के सफल क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सहकारी क्षेत्र में नवाचार, सदस्य सेवाओं में सुधार तथा संस्थाओं को आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनाने संबंधी उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।

        कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS), मत्स्य सहकारी समितियों, डेयरी सहकारी समितियों एवं बुनकर सहकारी समितियों को "सहकार प्रेरणा पुरस्कार" प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सहकारी संस्थाओं द्वारा किसानों एवं ग्रामीण समुदाय के आर्थिक विकास में दिए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए सभी संस्थाओं को नवाचार, पारदर्शिता एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले प्रभारी संस्था प्रबंधकों, कंप्यूटर ऑपरेटरों, शाखा प्रबंधकों एवं पर्यवेक्षकों को भी प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्हें सहकारी संस्थाओं के प्रभावी संचालन, डिजिटल सेवाओं के विस्तार, सदस्य हितों के संरक्षण तथा शासन की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सहकारी सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों ने जिले में सहकारिता आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम के माध्यम से सहकारी संस्थाओं के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहन तथा बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने का संदेश दिया गया। विभाग द्वारा भविष्य में भी सहकारी संस्थाओं को सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण, कार्यशालाओं एवं प्रोत्साहन कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा। इस अवसर पर सहकारिता अधिकारी, प्रभारी संस्था प्रबंधक, कंप्यूटर ऑपरेटर, शाखा प्रबंधक, पर्यवेक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image