विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कार्यक्रम में अपने पुराने दिनों की संघर्ष की याद दिलाते हुवे कार्यकर्ताओ में जोश भरने का प्रयाश किया
कबीरधाम |
2026-07-09 13:37:37
सर्वसुविधायुक्त भाजपा जिला कार्यालय का लोकार्पण,
कवर्धा, भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय कबीरधाम के नवीन सर्वसुविधायुक्त कार्यालय का लोकार्पण बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, पवन साय, बिसेसर पटेल , सुरेश चंद्रवंशी, क्षेत्रीय महामंत्री (संगठन ) मध्यक्षेत्र अजय जमाल सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वर्ष 1984 में भारतीय जनता पार्टी के केवल दो सांसद थे। उस समय विपक्ष स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का उपहास उड़ाता था, लेकिन अटल जी ने दृढ़ विश्वास के साथ कहा था, "सूरज उगेगा, कमल खिलेगा।" आज वही विश्वास साकार हुआ है और देश के 22 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। उन्होंने कहा कि यह संगठन लाखों कार्यकर्ताओं के समर्पण, त्याग और निरंतर संघर्ष का परिणाम है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने संगठन के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि जनसंघ के समय संसाधनों का अभाव था। कभी लक्ष्मी लॉज तो कभी उनके निवास पर बैठकों का आयोजन होता था, जिसमें सीमित कार्यकर्ता शामिल होते थे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें विधायक, सांसद, केंद्रीय राज्य मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, तीन बार मुख्यमंत्री और वर्तमान में विधानसभा अध्यक्ष बनने का अवसर दिया। भाजपा में कार्यकर्ताओं की योग्यता और समर्पण के आधार पर दायित्व दिए जाते हैं। उन्होंने कबीरधाम के कार्यकर्ताओं को सर्वसुविधायुक्त कार्यालय मिलने पर बधाई दी।
भाजपा क्षेत्रीय महामंत्री (संगठन ) मध्यक्षेत्र अजय जमाल ने कहा कि यह कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए एक पवित्र मंदिर है। उन्होंने बूथ स्तर से लेकर सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यालय की स्वच्छता, अनुशासन और गरिमा बनाए रखने का आग्रह किया।
लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रभारी मंत्री लखन देवांगन, संसद संतोष पाण्डेय, पंडरिया विधायक भावना बोहरा पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में नवीन जिला कार्यालय राष्ट्रसेवा, संगठन विस्तार और कार्यकर्ता सशक्तीकरण को समर्पित किया गया। समारोह में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने इसे कबीरधाम भाजपा संगठन के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।