छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

ग्राम पंचायत परसगढ़ी में स्वच्छता चौपाल आयोजित

 ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा पृथक्करण एवं प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने का दिया गया संदेश

एमसीबी/15 जुलाई 2026

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत जिले के विकासखंड भरतपुर की ग्राम पंचायत परसगढ़ी में मंगलवार को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसएलडब्ल्यूएम) के तहत स्वच्छता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, सरपंच, सचिव, स्वच्छता ग्राही दीदी, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
स्वच्छता चौपाल के दौरान ग्रामीणों को घरों से निकलने वाले कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन एवं स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण के महत्व की जानकारी दी गई। उपस्थितजनों को बताया गया कि प्रत्येक परिवार को अपने घरों में निकलने वाले गीले कचरे, सूखे कचरे, सैनिटरी कचरे तथा घरेलू हानिकारक (विशेष) कचरे को अलग-अलग एकत्रित करना चाहिए, ताकि कचरे का समुचित निस्तारण एवं पुनर्चक्रण किया जा सके तथा गांव को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाया जा सके।
इस अवसर पर एकल उपयोग (सिंगल यूज) प्लास्टिक एवं अन्य प्लास्टिक सामग्री के अनावश्यक उपयोग से होने वाले पर्यावरणीय दुष्प्रभावों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा कपड़े एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई। सभी ने अपने घर, गांव एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कचरे का पृथक्करण करने, प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। स्वच्छता चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सामुदायिक सहभागिता से स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त गांव के निर्माण का संदेश दिया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image