छत्तीसगढ़ / कोंडागांव

कोंडागांव के जंगल में रहस्यमयी पदचिह्न मिले, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

 कोंडागांव । जिले के बिलौरी गांव के समीप जंगल में किसी बड़े वन्यजीव के रहस्यमयी पदचिह्न मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग की विशेष टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पदचिह्न किस वन्यजीव के हैं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

वन अधिकारियों के अनुसार, बिलौरी क्षेत्र माचकोट के घने जंगलों से जुड़ा हुआ है। हाल के दिनों में ओडिशा सीमा से लगे इलाकों में भी बड़े वन्यजीव की गतिविधियों की सूचना मिली थी।

इसी को देखते हुए छत्तीसगढ़ और ओडिशा के वन विभाग आपसी समन्वय से पूरे क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं। जंगल में थर्मल ड्रोन कैमरों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि वन्यजीव की मौजूदगी और उसकी आवाजाही का पता लगाया जा सके।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि पर्याप्त साक्ष्य जुटाए बिना किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जाएगा। विशेषज्ञों की टीम पदचिह्नों का परीक्षण कर रही है और आसपास के क्षेत्र में अन्य संकेतों की भी जांच की जा रही है।

एहतियात के तौर पर ग्रामीणों से अकेले जंगल की ओर नहीं जाने, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा मवेशियों को सुरक्षित बाड़ों में रखने की अपील की गई है। वन विभाग ने लोगों से किसी भी संदिग्ध वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग या पुलिस को सूचना देने की सलाह दी है

Leave Your Comment

Click to reload image