छत्तीसगढ़ / सरगुजा

पोषण सखी बनकर महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की अलख जगा रहीं लक्ष्मी यादव

 समूह से जुड़ने के बाद आर्थिक स्थिति में आया सुधार, महतारी वंदन योजना से भी मिल रहा संबल

अम्बिकापुर । राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार आजीविका मिशन (बिहान) योजना ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर भी प्रदान कर रही है। सरगुजा जिले के ग्राम खैरबार की निवासी श्रीमती लक्ष्मी यादव इसका प्रेरणादायी उदाहरण हैं। स्व-सहायता समूह से जुड़कर उन्होंने न केवल अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार किया, बल्कि पोषण सखी के रूप में गांव की गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।

श्रीमती लक्ष्मी यादव बताती हैं कि समूह से जुड़ने से पहले उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। परिवार की जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बिहान योजना के माध्यम से समूह से जुड़ने के बाद उन्हें पोषण सखी के रूप में कार्य करने का अवसर मिला, जिससे उनकी आय का नियमित स्रोत बना और परिवार की आर्थिक स्थिति में धीरे-धीरे सुधार आने लगा।

पोषण सखी के रूप में लक्ष्मी यादव गांव-गांव और घर-घर जाकर गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी देती हैं। वे आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करती हैं। साथ ही कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनके परिवारों को उचित पोषण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं आंगनबाड़ी सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करती हैं। उनके सतत प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ रही है और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पोषण सखी के रूप में उन्हें प्रतिमाह लगभग 1,000 रुपये की आय प्राप्त होती है, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। इसके अतिरिक्त उन्हें महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता राशि भी प्राप्त हो रही है। इस राशि का उपयोग वे अपने बच्चों की आवश्यकताओं एवं परिवार के दैनिक खर्चों में करती हैं, जिससे परिवार को अतिरिक्त आर्थिक संबल मिला है।

लक्ष्मी यादव का कहना है कि राज्य सरकार की हितग्राहियों योजनाओं ने ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। समूह से जुड़ने के बाद उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वे समाज में अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिसके लिए वे प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया ह।

बिहान योजना, पोषण अभियान एवं महतारी वंदन योजना के समन्वित प्रयासों से सरगुजा जिले की अनेक महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। लक्ष्मी यादव जैसी महिलाएं आज स्वयं सशक्त बनकर अन्य महिलाओं को भी स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image