कवर्धा में सड़क चौड़ीकरण पर भेदभाव के आरोप, राजमहल चौक क्षेत्र में नागरिकों ने उठाए सवाल
कबीरधाम |
2026-07-27 18:00:00
कवर्धा में सड़क चौड़ीकरण पर भेदभाव के आरोप, राजमहल चौक क्षेत्र में नागरिकों ने उठाए सवाल
कवर्धा। नगर पालिका परिषद कवर्धा द्वारा भारत माता चौक से समनापुर पुलिया तक किए जा रहे सड़क चौड़ीकरण एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का आरोप है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सभी के खिलाफ समान रूप से नहीं की जा रही, बल्कि गरीब और अमीर के बीच भेदभाव किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कथित भेदभाव का सबसे बड़ा उदाहरण राजमहल चौक क्षेत्र में देखा जा सकता है। दुर्गा मंदिर के पास स्थित मेडिकल स्टोर सहित आसपास के कुछ व्यापारियों का आरोप है कि प्रशासन ने चुनिंदा दुकानों पर ही कार्रवाई की, जबकि अन्य स्थानों पर कथित अतिक्रमण होने के बावजूद उन्हें नहीं हटाया गया।
नागरिकों का कहना है कि यदि सड़क चौड़ीकरण जनहित में किया जा रहा है तो कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष और एक समान होनी चाहिए। उनका आरोप है कि प्रभावशाली लोगों के निर्माण को छोड़कर केवल कुछ लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
आम नागरिकों ने नगर पालिका परिषद के जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि किसी ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किया है तो नियम सभी पर समान रूप से लागू होने चाहिए, चाहे वह गरीब हो या प्रभावशाली व्यक्ति।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की पारदर्शी जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। नागरिकों का कहना है कि निष्पक्ष कार्रवाई से ही लोगों का प्रशासन पर विश्वास बना रहेगा।