छत्तीसगढ़ / कांकेर

शासकीय पॉलीटेक्निक कांकेर में प्रवेश का अंतिम अवसर, चतुर्थ एवं अंतिम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 31 जुलाई से

 उत्तर बस्तर कांकेर 30 जुलाई 2026

तकनीकी शिक्षा संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा संचालित डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु चतुर्थ एवं अंतिम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रारंभ की जा रही है। शासकीय पॉलीटेक्निक कांकेर के प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन विद्यार्थियों ने अभी तक प्रवेश नहीं लिया है, उनके लिए यह अंतिम अवसर है। उन्होंने बताया कि चतुर्थ एवं अंतिम चरण के लिए ऑनलाइन पंजीयन 31 जुलाई को प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होकर 08 अगस्त को रात्रि 11.59 बजे तक किया जा सकेगा। इसके पश्चात 12 अगस्त को सीट आबंटन किया जाएगा तथा चयनित अभ्यर्थियों को 13 अगस्त को संबंधित संस्था में प्रवेश लेना होगा।

प्राचार्य ने बताया कि शासकीय पॉलीटेक्निक कांकेर में सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग शाखाओं में डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित हैं। संस्था में अनुभवी प्राध्यापक, सुसज्जित प्रयोगशालाएं, आधुनिक पुस्तकालय, छात्रवृत्ति सुविधाएँ, प्लेसमेंट एवं करियर मार्गदर्शन तथा 100 प्रतिशत रैगिंग मुक्त परिसर जैसी सुविधाएँ उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 10वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी प्रथम वर्ष में प्रवेश के पात्र हैं, जबकि 12वीं (गणित) एवं आईटीआई उत्तीर्ण विद्यार्थी बिना प्रवेश परीक्षा के लेटरल एंट्री के माध्यम से सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। ऐसे विद्यार्थियों को भी निर्धारित अवधि में ऑनलाइन पंजीयन करना अनिवार्य होगा। प्राचार्य ने सभी पात्र विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे इस अंतिम काउंसलिंग चरण का लाभ उठाते हुए समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीयन कर अपने तकनीकी शिक्षा के सपने को साकार करें। प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए संस्था के हेल्पलाइन नंबर 9304033300 एवं 8279441396 पर कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है।

Leave Your Comment

Click to reload image