छत्तीसगढ़ / कोंडागांव

विश्व स्तनपान सप्ताह में स्तनपान के महत्व की दी गई जानकारी

 कोंडागांव, 06 अगस्त 2026

कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के निर्देशन में तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी, श्रीमती रेनू प्रकाश महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त) के अवसर पर जिले के समस्त आंगनबाडी केन्द्रों में जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिले के केशकाल परियोजना एवं फरसगांव परियोजना के आंगनबाडी केन्द्र में कार्यक्रमों के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री माताओं, किशोरियों तथा आमजन को स्तनपान के महत्व एवं शिशु के समुचित पोषण के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। आगनवाडी केन्द्रों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान माताओं को बताया गया कि जन्म के प्रथम एक घंटे के भीतर नवजात को स्तनपान प्रारंभ कराना तथा जन्म से छह माह तक केवल मॉ का दूध ही देना शिशु के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। छह माह के उपरांत आयु के अनुरूप पूरक आहार के साथ दो वर्ष अथवा उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि मां का दूध शिशु के लिए संपूर्ण एवं सर्वाेत्तम आहार है। इससे शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, संक्रमण का खतरा कम होता है तथा कुपोषण की रोकथाम में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है। साथ ही स्तनपान मातृ स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।

कार्यक्रमों के दौरान आंगनवाडी कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों द्वारा पोषण, स्वच्छता, मातृ स्वास्थ्य, संतुलित आहार तथा शिशु देखभाल से सबंधित जानकारी दी गई। उपस्थित महिलाओं को स्तनपान से जुडे विभिन्न भ्रांतियों का वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर समाधान भी बताया गया। इस अवसर पर शपथ, समूह चर्चा, एवं जागरुकता गतिविधियों का आयोजन भी किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे माताओं को स्तनपान के लिए सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण प्रदान करें तथा स्वस्थ, सुपोषित एवं कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।

Leave Your Comment

Click to reload image