छत्तीसगढ़ / बीजापुर

सोलर हाई मास्ट से रोशन हो रहे वनांचल के गांव

 बीजापुर ।- जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों एवं ग्रामों के चौक-चौराहों, बाजारों तथा सार्वजनिक स्थलों पर सोलर हाई मास्ट स्थापित किए जा रहे हैं। विशेष रूप से नियद नेल्लानार ग्रामों में इस योजना के तहत चौक, चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों को सोलर हाई मास्ट से रोशन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को रात्रिकालीन आवागमन में बड़ी राहत मिल रही है।

पूर्व में इन क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रात के समय तथा बरसात के दिनों में सांप, बिच्छू जैसे विषैले जीवों का खतरा बना रहता था, जिससे दुर्घटनाएं और जनहानि की आशंका रहती थी। अब सोलर हाई मास्ट की स्थापना से यह समस्या काफी हद तक दूर हो गई है और ग्रामीण स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

ग्राम तोड़का में स्थापित किए जा रहे सोलर हाई मास्ट में 09 मीटर ऊंचा स्टैंड-अलोन पोल, 1200 वॉट क्षमता के सोलर मॉड्यूल तथा 30 वॉट क्षमता की 06 एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं। इनसे उच्च गुणवत्ता की सफेद रोशनी प्राप्त होती है, जिससे पूरे चौक-चौराहे और आसपास का क्षेत्र प्रकाशमान रहता है। यह सोलर हाई मास्ट डस्क-टू-डॉन (Dusk to Dawn) तकनीक पर आधारित है। सूर्यास्त होते ही लाइटें स्वतः चालू हो जाती हैं और सूर्याेदय के बाद अपने आप बंद हो जाती हैं। इस प्रणाली के संचालन के लिए पारंपरिक विद्युत आपूर्ति की आवश्यकता नहीं होती, जिससे बिजली की बचत होती है। साथ ही ग्राम पंचायत, नगर पंचायत अथवा नगर पालिका पर बिजली बिल का कोई अतिरिक्त वित्तीय भार भी नहीं पड़ता।

सोलर हाई मास्ट की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा, सुविधा और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है। यह पहल दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image