छत्तीसगढ़ / सरगुजा

10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, सरगुजा में 3.48 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल की दवा

 अम्बिकापुर 07 अगस्त 2026

 राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 2026 के अंतर्गत 10 अगस्त 2026 को सरगुजा जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों तथा स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। अभियान का उद्देश्य बच्चों को आंतों के कृमि संक्रमण से मुक्त कर उनके स्वास्थ्य, पोषण स्तर, शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा विद्यालय में नियमित उपस्थिति को बेहतर बनाना है।
इस वर्ष जिले में 3,48,422 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिले के सभी विकासखंडों में आवश्यक मात्रा में दवा उपलब्ध करा दी गई है तथा संबंधित अधिकारियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
अभियान के अंतर्गत 1 से 2 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली (200 मि.ग्रा.) तथा 2 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एक पूरी गोली (400 मि.ग्रा.) निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रशिक्षित कार्मिकों की उपस्थिति में खिलाई जाएगी।
जो बच्चे किसी कारणवश 10 अगस्त को दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 17 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस के अवसर पर एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी, ताकि कोई भी पात्र बच्चा इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान से वंचित न रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला सरगुजा ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत एल्बेंडाजोल की दवा अवश्य दिलवाएं। उन्होंने बताया कि यह दवा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है तथा बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के साथ उनके समुचित शारीरिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जिला नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस ने बताया कि अभियान की जिला एवं विकासखंड स्तर पर सतत निगरानी की जाएगी। सभी संबंधित विभागों के समन्वय से निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं अभिभावकों से इस जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की है। 

Leave Your Comment

Click to reload image