छत्तीसगढ़ / कोंडागांव

कलेक्टर ने धनोरा क्षेत्र के दूरस्थ गांवों का दौरा कर सड़क निर्माण कार्यों का लिया जायजा

 कोंडागांव । कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने शुक्रवार को धनोरा क्षेत्र में जिले के सीमावर्ती गांवों का दौरा कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत ग्राम तोड़ासी से गददाड़, ग्राम बिंझे से चिखलाडीह तथा ग्राम कलेपाल से पराली तक निर्माणाधीन सड़क मार्गों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिले के इन दूरस्थ एवं सीमावर्ती गांवों में पक्की सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं अन्य शासकीय सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान होगी। साथ ही क्षेत्र में विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।

इस अवसर पर एसडीएम केशकाल आकांक्षा नायक, पीएमजीएसवाय के कार्यपालन अभियंता  बलराम ठाकुर, सब इंजीनियर सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave Your Comment

Click to reload image