छत्तीसगढ़ / नारायणपुर

कच्चे मकान से पक्के आशियाने तक : प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने सुखलाल के परिवार का बदला जीवन

 नारायणपुर । ग्राम पंचायत बावड़ी, जनपद पंचायत नारायणपुर निवासी सुखलाल का परिवार कभी एक ऐसे कच्चे और जर्जर मकान में रहने को मजबूर था, जहां हर मौसम अपने साथ नई परेशानी लेकर आता था। खासकर बरसात के दिनों में घर की छत से पानी टपकने के कारण परिवार की मुश्किलें बढ़ जाती थीं। बारिश के दौरान घर में रहना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता था और परिवार को हर समय सुरक्षा की चिंता बनी रहती थी।

आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार के लिए अपने दम पर पक्का मकान बनाना आसान नहीं था। ऐसे समय में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण उनके लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आई। योजना के अंतर्गत सुखलाल के परिवार का चयन आवास निर्माण के लिए किया गया। शासन से मिली सहायता का लाभ उठाकर परिवार ने अपने पुराने कच्चे मकान की जगह एक नया, पक्का और सुरक्षित आवास तैयार किया। नए आवास के बनने के बाद सुखलाल के परिवार की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है। अब बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने की चिंता नहीं रहती। परिवार को गर्मी, बारिश और ठंड से बेहतर सुरक्षा मिली है। सबसे बड़ी बात यह है कि परिवार अब अपने घर में खुद को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करता है।

नए घर ने परिवार के बच्चों के लिए भी बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया है। पहले जहां मौसम की मार के बीच पढ़ाई करना मुश्किल होता था, वहीं अब बच्चे सुरक्षित माहौल में अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे पा रहे हैं। परिवार के सदस्यों के चेहरे पर अपने पक्के घर को लेकर संतोष और खुशी साफ दिखाई देती है। हितग्राही सुखलाल बताते हैं कि “पक्का घर हमारे लिए सिर्फ एक मकान नहीं, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से हमारा वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है। अब हमारा परिवार सुरक्षित है और बच्चों के बेहतर भविष्य की उम्मीद भी बढ़ी है।”

 
 
 
 

सुखलाल के परिवार की कहानी यह बताती है कि एक पक्का मकान किसी परिवार के लिए सिर्फ चार दीवारें और छत नहीं होता, बल्कि यह सुरक्षा, सम्मान, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की नींव भी बनता है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को आवासीय सुरक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। सुखलाल का परिवार भी इसी बदलाव की एक तस्वीर है, जहां कभी जर्जर कच्चे मकान में रहने की मजबूरी थी, वहीं आज परिवार के पास अपना पक्का और सुरक्षित आशियाना है।

 

Leave Your Comment

Click to reload image