छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

तिरंगे की शान में सराबोर हुआ कलेक्ट्रेट परिसर, कलेक्टर जांगड़े ने किया ध्वजारोहण

 एमसीबी । देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर में गरिमामय कार्यक्रम के बीच ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर कलेक्टर जांगड़े ने जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग, संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उनके बलिदान के कारण ही हम आज स्वतंत्र वातावरण में अपने दायित्वों का निर्वहन कर पा रहे हैं।

कलेक्टर ने कहा कि शासकीय सेवक के रूप में आम नागरिकों की सेवा करना हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जिले के विकास में प्रत्येक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन को और अधिक संवेदनशील एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाना चाहिए।

देशभक्ति गीतों से गूंजा कलेक्ट्रेट परिसर : 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम को अधिकारी-कर्मचारियों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों से और भी यादगार बना दिया। अपर कलेक्टर अनिल सिदार एवं छत्तीसगढ़ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रबंधक उमेश पाण्डेय  ने संयुक्त रूप से देशभक्ति गीत की प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों में देशभक्ति का उत्साह और उमंग भर दिया।

वहीं डिप्टी कलेक्टर इंदिरा मिश्रा ने भी देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर समारोह में समां बांधा। महिला एवं बाल विकास विभाग के वाहन चालक ने गिटार के साथ देशभक्ति गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। अधिकारी-कर्मचारियों की इन प्रस्तुतियों से पूरा कलेक्ट्रेट परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम में हर घर तिरंगा यात्रा के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में दो दिवसीय खेल (कैरम, शतरंज, कुर्सी दौड़ और रस्साकस्सी)  प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को कलेक्टर द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों ने स्वतंत्रता दिवस की खुशी एक-दूसरे के साथ साझा की। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने तथा पूरी निष्ठा के साथ जनसेवा करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्साह, उमंग और देशभक्ति का वातावरण बना रहा।

Leave Your Comment

Click to reload image