सालेम इंग्लिश स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
रायपुर । सालेम इंग्लिश स्कूल, रायपुर में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ डायोसिस एजुकेशन बोर्ड के चेयरमैन बिशप सुषमा कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ध्वज वंदन किया।
ध्वजारोहण के बाद तिरंगे रंग के गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर नजर आया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रूपिका लॉरेंस ने विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सदैव समर्पित रहने का संदेश दिया।
समारोह में सालेम इंग्लिश स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का मन मोह लिया। पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति के गीत और राष्ट्रप्रेम के स्वर गूंजते रहे।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ डायोसिस के पदाधिकारीगण, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। CG बोर्ड की प्रभारी प्राचार्या श्रीमती के.के. सिंग सहित सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। समारोह का समापन राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और समर्पण की भावना के साथ हुआ।