छत्तीसगढ़ / सारंगढ़-बिलाईगढ़

PHC भाटगांव ने रचा सफलता का नया अध्याय, NQAS में 91.47% स्कोर के साथ राष्ट्रीय प्रमाणन

 सारंगढ़-बिलाईगढ़ । जिले के बिलाईगढ़ विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भाटगांव ने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। केंद्र को National Quality Assurance Standards (NQAS) के राष्ट्रीय मूल्यांकन में 91.47 प्रतिशत का उत्कृष्ट स्कोर मिला है। इस प्रदर्शन के आधार पर PHC भाटगांव को National NQAS Certification प्रदान किया गया है।

यह उपलब्धि जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव के नेतृत्व, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशि जायसवाल के मार्गदर्शन तथा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकेश कुमार अजय और PHC भाटगांव की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

दो दिन चला राष्ट्रीय स्तर का मूल्यांकन
PHC भाटगांव का राष्ट्रीय गुणवत्ता मूल्यांकन 3 और 4 जुलाई 2026 को किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं संक्रमण नियंत्रण, आवश्यक दवाओं और जांच सुविधाओं की उपलब्धता, मरीजों के अधिकार, रिकॉर्ड एवं दस्तावेजीकरण, मानव संसाधन, आपातकालीन सेवाओं और गुणवत्ता सुधार की व्यवस्थाओं का विस्तृत आकलन किया गया।

मूल्यांकन में 91.47 प्रतिशत स्कोर हासिल करना स्वास्थ्य केंद्र की बेहतर कार्यप्रणाली, अनुशासन, प्रबंधन और मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

प्रमाणन के साथ बढ़ी जिम्मेदारी
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकेश कुमार अजय ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह प्रमाणन पूरी टीम के सामूहिक प्रयास और निरंतर गुणवत्ता सुधार का परिणाम है। उन्होंने कहा कि NQAS प्रमाणन केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाए रखने की जिम्मेदारी भी है।

BMO डॉ. शशि जायसवाल ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह प्रमाणन स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता का महत्वपूर्ण प्रमाण है। आने वाले समय में भी मरीजों को बेहतर, सुलभ, सुरक्षित और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।

CMHO डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने भी PHC भाटगांव की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य संस्था का राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है।

पूरी टीम के सामूहिक प्रयास से मिली सफलता
इस उपलब्धि में जिला एवं ब्लॉक स्वास्थ्य टीम के साथ-साथ PHC भाटगांव के चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, स्टाफ नर्स, CHO, RHO, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, डाटा एंट्री ऑपरेटर, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों, मितानिनों और सेक्टर स्तर के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, National NQAS Certification से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी। साथ ही इससे ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य केंद्र के प्रति आमजन का भरोसा भी बढ़ेगा। PHC भाटगांव की यह उपलब्धि जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image