जिले में 18 अगस्त से 24 सितंबर तक मनाया जाएगा शिशु संरक्षण माह
बालोद, 17 अगस्त 2026
राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में शिशु संरक्षण माह का आयोजन 18 अगस्त से 24 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। अभियान के दौरान 06 से 59 माह तक के बच्चों को आयरन-फोलिक एसिड सिरप तथा 09 से 59 माह तक के बच्चों को विटामिन-ए सिरप पिलाने के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं एनीमिया की रोकथाम से संबंधित विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएगी। जिले में शिशु संरक्षण माह के अंतर्गत 06 से 59 माह आयु वर्ग के 82,740 बच्चों को आयरन-फोलिक एसिड सिरप तथा 09 से 59 माह आयु वर्ग के 78,143 बच्चों को विटामिन-ए सिरप पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के दौरान लक्षित बच्चों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।
शिशु संरक्षण माह के दौरान ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस (टीकाकरण दिवस) के माध्यम से बच्चों को आवश्यक स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अंतर्गत विटामिन-ए अनुपूरण, आयरन-फोलिक एसिड सिरप वितरण, एनीमिया स्क्रीनिंग तथा स्तनपान संबंधी गतिविधियों को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित टीकाकरण एवं पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी। जिले में निर्धारित दिवसों के अनुसार शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शिशु संरक्षण माह की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मैदानी अमले, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं संबंधित विभागों के समन्वय से लक्षित बच्चों तक सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जे एल उइके ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 06 से 59 माह आयु के बच्चों को निर्धारित दिवस पर आयरन-फोलिक एसिड सिरप तथा 09 से 59 माह आयु के बच्चों को विटामिन-ए सिरप अवश्य पिलाएं और स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करें। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए शिशु संरक्षण माह को सफल बनाने में सभी नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है।