छत्तीसगढ़ / दुर्ग

100 फीट ऊंचा तिरंगा फहराकर इंद्रजीत सिंह ने दिया देशभक्ति और शिक्षा का संदेश

 भिलाई । स्वतंत्रता दिवस पर कोहका स्थित बीरा के अंगना प्रांगण में 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का ध्वजारोहण किया गया। सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं युवा ट्रांसपोर्टर इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ और उनकी टीम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भिलाई क्षेत्र के विभिन्न समाजों के लोग, स्कूली बच्चे, महिलाएं, सर्व समाज कल्याण समिति के पदाधिकारी एवं ट्रांसपोर्ट यूनियन के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंद्रजीत सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की पहचान, मान और सम्मान का प्रतीक है। इसका सम्मान करना प्रत्येक भारतीय नागरिक का अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि तिरंगे को केवल 15 अगस्त और 26 जनवरी के अवसर पर ही याद नहीं करना चाहिए, बल्कि पूरे वर्ष इसे अपने दिल में सम्मान के साथ रखना चाहिए।

उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आज हम जिस आजाद भारत में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों का महान बलिदान है। हमें उनके त्याग और संघर्ष को हमेशा याद रखना चाहिए।

इंद्रजीत सिंह ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही देश की प्रगति की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि किसी गरीब या बेसहारा परिवार के बच्चे की पढ़ाई में यदि उनकी मदद की जरूरत होगी, तो वे अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव सहयोग के लिए तैयार रहेंगे।

उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का प्यार और विश्वास उन्हें समाजसेवा के लिए और अधिक जुनून एवं ऊर्जा देता है। उन्होंने सभी लोगों से इसी तरह अपना स्नेह और सहयोग बनाए रखने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रभुनाथ मिश्रा, हरेंद्र यादव, जोगाराव, शाहनवाज कुरैशी, राम सहित सर्व समाज कल्याण समिति के पदाधिकारी, ट्रांसपोर्ट यूनियन के सदस्य, बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image