शराब ओवररेटिंग और अवैध थोक बिक्री पर एक्शन, 3 आबकारी उपनिरीक्षक निलंबित
रायपुर । शराब दुकानों में ओवररेटिंग और नियमों के विपरीत थोक में शराब बिक्री के मामलों को लेकर आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त ने तीन आबकारी उपनिरीक्षकों को निलंबित कर दिया है। इनमें दो अधिकारियों पर शराब बिक्री में नियमों के उल्लंघन के आरोप हैं, जबकि तीसरे अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार मामले में EOW-ACB द्वारा न्यायालय में चालान पेश किए जाने के बाद विभागीय कार्रवाई की गई है।
ओवररेटिंग के मामले में पी. माधव राव निलंबित
जानकारी के मुताबिक, बलौदाबाजार में पदस्थ आबकारी उपनिरीक्षक पी. माधव राव को शराब दुकानों में ओवररेटिंग के मामले में निलंबित किया गया है। शराब की निर्धारित कीमत से अधिक दर पर बिक्री की शिकायतों और विभागीय जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।
वहीं, धमतरी के आबकारी उपनिरीक्षक आशा राम शाक्य के खिलाफ शराब को निर्धारित नियमों के विपरीत थोक में बेचने के मामले में निलंबन की कार्रवाई की गई है। विभाग ने शराब बिक्री से जुड़े नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए यह कदम उठाया है।
EOW-ACB के चालान के बाद संतोष नारंग भी निलंबित
इसके अलावा आबकारी उपनिरीक्षक संतोष नारंग के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में EOW-ACB द्वारा न्यायालय में चालान पेश किया गया था। चालान पेश होने के बाद आबकारी आयुक्त ने विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए संतोष नारंग को भी निलंबित कर दिया।
विभाग में मचा हड़कंप
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई के बाद शराब दुकानों में नियमों की अनदेखी और अनियमितताओं को लेकर विभागीय स्तर पर भी हलचल बढ़ गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शराब बिक्री में निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।