सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश, ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित करने को कहा
मुंगेली |
2026-08-20 14:39:34
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने तखतपुर-बरेला मार्ग के शीघ्र मरम्मत के दिए निर्देश
बिलासपुर/मुंगेली - आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले की सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित आवागमन और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री साहू ने तखतपुर-बरेला मार्ग की खराब स्थिति पर विशेष चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को इसकी शीघ्र मरम्मत कर आवागमन योग्य बनाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सड़क की स्थिति में तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए।
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहु ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जरूरत के अनुसार स्पीड ब्रेकर, यातायात संकेतक एवं अन्य सड़क सुरक्षा उपकरण स्थापित करने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों एवं दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
श्री साहू ने ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर प्रभावी रोक लगाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों की सुविधा के लिए कैंप लगाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के निर्देश देते हुए श्री साहू ने कहा कि लोगों को आवश्यक दस्तावेज एवं लाइसेंस के लिए अनावश्यक परेशानी न हो। साथ ही यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर अभियान चलाने पर जोर दिया।
उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित न रहे, बल्कि उसके ठोस परिणाम मैदानी स्तर पर दिखाई देने चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, जंक्शन सुधार, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय तथा प्रधानमंत्री राहत योजना की भी समीक्षा की गई। श्री साहू ने पात्र हितग्राहियों को योजना का शत-प्रतिशत लाभ संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
श्री साहू ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों में त्वरित कार्रवाई, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन का वातावरण बनाया जा सके।
*खराब सड़कों पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने अधिकारियों को लगाई फटकार
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने नेहरू चौक स्थित अपने निवास पर पीडब्ल्यूडी, एनएच एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को तलब कर क्षेत्र में खराब सड़कों की स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों की खराब स्थिति को तत्काल संज्ञान में लेकर आवश्यक सुधार एवं मरम्मत की कार्रवाई सुनिश्चित करें। आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने बिलासपुर कलेक्टर को भी मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों को निर्देशित करने को कहा।