छत्तीसगढ़ / जांजगीर-चाम्पा

बाढ़ आपदा से बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों के लिए ग्राम शिवरीनारायण, रिंगनी (कुकदा) में मॉकड्रिल

  जांजगीर-चांपा, 20 अगस्त 2026

भारत सरकार के गृह मंत्रालय एवं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली के सहयोग से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जिले में बाढ़ आपदा से बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से लिए ग्राम शिवरीनारायण, रिंगनी (कुकदा), तहसील शिवरीनारायण के कंजी नाला में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। मॉकड्रिल के दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री देवेंद्र चौधरी, शिवरीनारायण तहसीलदार श्री महेंद्र लहरे, प्रशिक्षक श्री विमल कुमार बैस सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, रेस्क्यू टीम एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
      रेस्क्यू टीम द्वारा बाढ़ के दौरान उत्पन्न होने वाली विभिन्न परिस्थितियों का प्रदर्शन करते हुए बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास किया गया। मॉकड्रिल में नदी में डूबते व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने, तेज बहाव में फंसे लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने, बाढ़ के दौरान पुल पार करते समय फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से पशुओं को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन में उपयोग किए जाने वाले आधुनिक बचाव उपकरणों के संचालन एवं उपयोग की जानकारी भी दी गई।
      मॉकड्रिल के माध्यम से बाढ़ की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता एवं सूझबूझ के साथ कार्य करने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, आवश्यक संसाधनों का उपयोग करने तथा प्रशासन एवं बचाव दल के निर्देशों का पालन करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इसके साथ ही नागरिकों को बाढ़ जैसी स्थिति में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई। नागरिकों से अपील की कि नदी, नाला एवं तेज बहाव वाले जलस्रोतों को पार करने का प्रयास न करें तथा पुल-पुलियों और जलमग्न मार्गों से आवागमन से बचें। ऐसी परिस्थितियों में सुरक्षित स्थान पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन एवं रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

Leave Your Comment

Click to reload image