वीर सावरकर भवन में 24 घंटे का अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ
कबीरधाम |
2026-08-21 12:47:44
कवर्धा। वीर सावरकर भवन, डॉ. अंबेडकर चौक (भारत माता चौक) जिला कबीरधाम में 24 घंटे के अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजन का उद्देश्य जनकल्याण, विश्व शांति, सामाजिक सद्भावना, धर्म-रक्षा और आध्यात्मिक चेतना के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में सभी जाति, धर्म और संप्रदाय के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं को सहभागी बनने का आह्वान किया गया है।
आयोजन से जुड़े आमंत्रण पत्र के अनुसार धर्म सम्राट युग चेतना पुरुष परमहंस योगीराज श्री शक्तिपुत्र जी महाराज के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से भगवती मानव कल्याण संगठन द्वारा देशभर में अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ की परंपरा संचालित की जा रही है।
संगठन का गठन 15 मार्च 1995 को विश्व-शांति, जनकल्याण, सामाजिक सद्भावना एवं धर्म-रक्षा तथा आत्मोत्थान के उद्देश्य से किया गया था। संगठन का केंद्रीय कार्यालय पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्धाश्रम पोस्ट मऊ, तहसील ब्यौहारी, जिला शहडोल, मध्यप्रदेश में स्थित बताया गया है।
आमंत्रण पत्र में उल्लेख है कि पावन सिद्धाश्रम में श्री दुर्गा चालीसा का अखंड पाठ 15 अप्रैल 1997 से निरंतर अनवरत चल रहा है। इसी क्रम में देश के विभिन्न राज्यों के जिलों, तहसीलों और ग्राम स्तर पर श्रद्धालुओं के घरों में भी 24-24 घंटे के अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ आयोजित किए जा रहे हैं।
कवर्धा में आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर श्री दुर्गा चालीसा पाठ में सहभागी बनने की अपील की गई है। आयोजकों ने कहा है कि धार्मिक आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालु शारीरिक शुद्धता एवं नशामुक्त रहकर पाठ में भाग लें। आयोजन के माध्यम से लोगों को आध्यात्मिक वातावरण से जोड़ने के साथ ही सामाजिक एकता, सद्भावना और संस्कारों को मजबूत करने का संदेश भी दिया जा रहा है।
आयोजकों ने जिले के धर्मप्रेमी नागरिकों, माता के भक्तों और श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे निर्धारित कार्यक्रम में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और सामूहिक रूप से मां दुर्गा की आराधना कर समाज एवं राष्ट्र के कल्याण की कामना करें। 24 घंटे चलने वाला यह अखंड पाठ धार्मिक आस्था के साथ जनजागरण और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला आयोजन बताया गया है।