सरस्वती शिशु मंदिर के स्कूली बच्चों ने निकाली कांवड़ यात्रा, प्राचीन शिव मंदिर में किया जलाभिषेक
गरियाबंद |
2026-08-24 16:39:41
सरस्वती शिशु मंदिर के स्कूली बच्चों ने निकाली कांवड़ यात्रा, प्राचीन शिव मंदिर में किया जलाभिषेक
राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद :- श्रावण मास के पावन अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गरियाबंद के शिशु वाटिका कक्षा अरुण के भैया-बहनों द्वारा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ कांवड़ यात्रा निकाली गई। विद्यार्थियों ने तहसील कार्यालय परिसर स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
कांवड़ यात्रा के दौरान भैया-बहनों एवं आचार्यों ने भजन-कीर्तन करते हुए भगवान शिव की आराधना की। इस दौरान “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक धार्मिक कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए सभी के सुख, शांति एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में विद्यालय समिति की उपाध्यक्ष ताकेश्वरी साहू सहित माताओं का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। आचार्यों एवं माताओं ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्कारों से जुड़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर भगवान शिव से विद्यालय, विद्यार्थियों, आचार्यों एवं समस्त समाज के सुख-समृद्धि तथा उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की गई।