रक्षाबंधन पर यात्रियों को रेलवे का तोहफा, दुर्ग-रायगढ़ के बीच चलेगी पैसेंजर स्पेशल ट्रेन
रायपुर । रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने दुर्ग-रायगढ़-दुर्ग के बीच रक्षाबंधन पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 27 से 29 अगस्त 2026 तक तीन फेरे लगाएगी। इससे दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, रायगढ़ समेत मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 08834 दुर्ग-रायगढ़ पैसेंजर स्पेशल दुर्ग से सुबह 10:30 बजे रवाना होगी और शाम 7:00 बजे रायगढ़ पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 08833 रायगढ़-दुर्ग पैसेंजर स्पेशल रायगढ़ से शाम 7:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 2:00 बजे दुर्ग पहुंचेगी।
रायपुर में 11:25 बजे पहुंचेगी ट्रेन
दुर्ग से रवाना होने के बाद ट्रेन भिलाई नगर, भिलाई पावर हाउस, भिलाई, देवबलोदा चरोदा, कुम्हारी, सरोना और सरस्वती नगर होते हुए रायपुर सुबह 11:25 बजे पहुंचेगी। इसके बाद डब्ल्यूआरएस, उरकुरा, मांढर, सिलियारी, बैकुंठ, तिल्दा-नेवरा, हथबंद और भाटापारा होते हुए बिलासपुर पहुंचेगी।
बिलासपुर से आगे ट्रेन गतौरा, जयरामनगर, अकलतरा, जांजगीर नैला, चांपा, सारागांव देवरी, बुढार, सक्ती, जारडीह, खरसिया, रॉबर्टसन, भूपदेवपुर और किरोड़ीमल नगर होते हुए रायगढ़ शाम 7 बजे पहुंचेगी।
वापसी में रायगढ़ से शाम 7:40 बजे रवाना होकर ट्रेन सभी निर्धारित स्टेशनों पर रुकेगी। यह बिलासपुर रात 10:20 बजे, भाटापारा रात 11:25 बजे और रायपुर रात 12:40 बजे पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन रात 2 बजे दुर्ग पहुंचने का समय निर्धारित किया गया है।
10 कोच की होगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे के मुताबिक, रक्षाबंधन पैसेंजर स्पेशल में कुल 10 ICF कोच होंगे। इनमें 8 जनरल कोच और 2 SLRD कोच शामिल हैं।
रक्षाबंधन के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। खासकर दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर और रायगढ़ के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।