छत्तीसगढ़ / जशपुर

कलेक्टर रोहित व्यास ने स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा की

 जशपुरनगर ।  कलेक्टर  रोहित व्यास ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में स्कूल शिक्षा विभाग की बैठक लेकर जिले में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, सीखने की क्षमता में वृद्धि तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए संचालित विभिन्न नवाचारों एवं शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा शिक्षा को अधिक प्रभावी एवं रुचिकर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 बैठक में कलेक्टर ने जश लर्न, जश क्वेस्ट, स्मार्ट क्लासेस, संपर्क स्मार्ट शाला, संपर्क क्लासेस, अंतरिक्ष संगवारी के अंतर्गत एस्ट्रोनॉट ट्रेनिंग, नन्हे सितारे सहित अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इनका लाभ दिलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री व्यास ने जश लर्न कार्यक्रम के प्रथम चरण के सफल संचालन के बाद दूसरे चरण की तैयारियों एवं कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी एवं उत्कृष्ट तरीके से संचालित करने तथा विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सरगुजा ओलंपिक की तैयारियों की भी समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने तथा अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

 
 
 
 

     बैठक में कलेक्टर ने समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल परिसर के आसपास इस संबंध में नियमित निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।बैठक में उन्होंने मैंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट, अपार आईडी तथा विद्यार्थियों को पुस्तक वितरण की भी विस्तार से समीक्षा की। कलेक्टर ने शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को योजनाओं एवं शैक्षणिक सुविधाओं का समय पर लाभ मिल सके।

 
 
 
 

 

 

       कलेक्टर ने जिले के स्कूलों में स्मार्ट क्लासेस के सुचारू संचालन के लिए जहां अभी तक इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां शीघ्र इंटरनेट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्मार्ट क्लास के डैशबोर्ड का बेहतर उपयोग कर विद्यार्थियों में विषयों की समझ विकसित करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत करने की बात कही। कलेक्टर श्री व्यास ने अंतरिक्ष संगवारी कार्यक्रम के अंतर्गत एस्ट्रोनॉट ट्रेनिंग के लिए इसरो भेजे जाने वाले 50 प्रतिभावान विद्यार्थियों के चयन की तैयारियों की भी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों का चयन विभिन्न चरणों में आयोजित परीक्षाओं के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने चयन प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में पत्थलगांव एसडीएम  क्षितिज गुरभेले, एसडीएम  समीर बड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी, सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image