छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

एमसीबी जिले में खेल प्रतिभाओं का उत्साह चरम पर, सरगुजा ओलंपिक में अब तक 16 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन

 एमसीबी/01 सितम्बर 2026

जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए खिलाड़ियों को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। सरगुजा संभाग के अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस खेल आयोजन के लिए मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के सभी विकासखंडों में खिलाड़ियों का पंजीयन कराया गया है।

16,129 खिलाड़ियों ने दर्ज कराई अपनी भागीदारी
जिले में पंजीयन अभियान को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार एमसीबी जिले के तीनों विकास खंडों में कुल 16,129 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। इनमें 7,741 पुरुष और 8,388 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। खास बात यह है कि पंजीयन में महिला खिलाड़ियों ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया है। महिला प्रतिभागियों की संख्या पुरुषों से 647 अधिक रही है।

खड़गवां विकासखंड में हुआ सबसे अधिक पंजीयन
विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार खड़गवां में सर्वाधिक 8,007 पंजीयन हुए हैं, जिनमें 3,950 पुरुष और 4,057 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं भरतपुर में 2,954 पंजीयन हुए हैं, जिनमें 2,200 पुरुष और 754 महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा मनेन्द्रगढ़ में कुल 5,168 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है, जिसमें 1,591 पुरुष और 3,577 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। इस तरह तीनों विकास खंडों से कुल 16,129 खिलाड़ियों ने सरगुजा ओलंपिक के लिए अपनी भागीदारी दर्ज कराई है।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा प्रतिस्पर्धात्मक मंच
सरगुजा ओलंपिक का उद्देश्य ग्रामीण एवं अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करना और प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना है। विकासखंड एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं सितंबर माह में तथा संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं अक्टूबर माह में प्रस्तावित हैं। विभाग द्वारा इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीयन कराने की अपील की गई है।

कई खेलों में प्रतिभा दिखाएंगे खिलाड़ी
सरगुजा ओलंपिक में एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं के साथ तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और रस्साकशी जैसे खेल शामिल किए गए हैं। एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जेवलिन थ्रो तथा 4×100 मीटर रिले रेस में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। रस्साकशी प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में केवल महिला सीनियर वर्ग के लिए आयोजित की जाएगी, जबकि हॉकी एवं कुश्ती की प्रतियोगिताएं जिला स्तर पर आयोजित होंगी।

प्रतियोगिताओं में जूनियर वर्ग के अंतर्गत 14 से 17 वर्ष आयु के बालक-बालिकाएं तथा सीनियर वर्ग में बिना आयु सीमा के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा विभाग के आधिकारिक पोर्टल  sportsyw.cg.gov.in/sargujaOlympic पर उपलब्ध है। इसके साथ ही ऑफलाइन पंजीयन के लिए खिलाड़ी अपने संबंधित विकासखंड के जनपद पंचायत कार्यालय, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नगर पंचायत, नगर पालिका, नगर निगम कार्यालय अथवा जिला खेल अधिकारी कार्यालय से पंजीयन फॉर्म प्राप्त कर जमा कर सकते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी का पंजीयन अनिवार्य होगा और एक खिलाड़ी केवल एक पंजीयन फॉर्म जमा कर सकेगा। दलगत खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के सभी फॉर्म एक साथ जमा करना आवश्यक होगा। एक खिलाड़ी अधिकतम एक दलगत और एक व्यक्तिगत खेल में भाग ले सकेगा। पंजीयन फॉर्म में दर्ज जानकारी के आधार पर ही विकासखंड एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी मान्य होगी। सभी स्तरों पर खिलाड़ियों को वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा, जिसके लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड अथवा बैंक पासबुक की छायाप्रति स्वीकार की जा सकती है।

Leave Your Comment

Click to reload image