छत्तीसगढ़ / बस्तर

दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग प्रदाय करने हेतु शिविर की करें तैयारी : कलेक्टर छिकारा

 जगदलपुर । कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में सोमवार एक सितम्बर को समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना तथा नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी कलेक्टोरेट सभाकक्ष में उपस्थित रहे, जबकि सभी तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले में संचालित विभिन्न जनहितैषी योजनाओं, निर्माण कार्यों और लंबित जन शिकायतों के त्वरित निराकरण की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन के निर्देश दिए।

बैठक में दिव्यांगजन सशक्तिकरण की दिशा में चल रहे सर्वेक्षण और प्रमाण पत्र निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। कलेक्टर ने जिले के दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण प्रदाय करने हेतु आगामी 5 से 7 अक्टूबर तक प्रस्तावित वृहद शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी जनपद सीईओ को ग्राम स्तर पर शत-प्रतिशत दिव्यांगजनों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए, ताकि सभी पात्र हितग्राहियों को आवश्यक उपकरण और शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके साथ ही पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों को अभियान चलाकर शीघ्र पूरा करने को कहा गया।

 
 
 
 

अधोसंरचना विकास के अंतर्गत आदर्श ग्राम नेतानार में शैक्षणिक, सांस्कृतिक और मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई। वहीं स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज हाॅस्पीटल डिमरापाल में क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण, ट्रंाजिट हॉस्टल और स्वास्थ्य केंद्रों से जुड़े कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया गया। राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए डिजिटल क्रॉप सर्वे, भूमि आवंटन, सीमांकन और नामांतरण के लंबित प्रकरणों को तेजी से निपटाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा के भीतर संतोषप्रद निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image