छत्तीसगढ़ / दुर्ग

दुर्ग में नकली घड़ियों का खेल: इंदिरा मार्केट में टाइटन-फास्ट्रैक की 280 घड़ियां जब्त

 दुर्ग । इंदिरा मार्केट में ब्रांडेड कंपनी टाइटन और फास्ट्रैक के नाम का दुरुपयोग कर नकली घड़ियां बेचने के मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सत कबीर वाच नामक दुकान में दबिश देकर 280 नग नकली घड़ियां और फास्ट्रैक के 275 नकली टैग बरामद किए हैं। मामले में दुकान संचालक कमलेश निर्मलकर (41) को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को टाइटन कंपनी की ओर से ब्रांडेड घड़ियों की असली-नकली जांच एवं कार्रवाई के लिए अधिकृत प्रतिनिधि गौरव तिवारी ने दुर्ग कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि इंदिरा मार्केट स्थित सत कबीर वाच का संचालक लंबे समय से टाइटन और फास्ट्रैक के नाम का इस्तेमाल कर नकली घड़ियां बेच रहा है।

 

 

शिकायत और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने शाम करीब 6 बजे दुकान पर दबिश दी। जांच के दौरान बड़ी संख्या में नकली घड़ियां और फास्ट्रैक के नकली टैग बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 तथा बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में अपराध क्रमांक 0483/2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

असली बताकर नकली घड़ियां बेचने का आरोप
पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रसिद्ध ब्रांड टाइटन और फास्ट्रैक के नाम एवं ट्रेडमार्क का दुरुपयोग कर नकली घड़ियों को बाजार में असली बताकर बेचता था। इसके जरिए ग्राहकों को भ्रमित कर अवैध लाभ कमाने का आरोप है।

कार्रवाई के दौरान 280 नकली घड़ियां, 275 फास्ट्रैक के नकली टैग और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया। यह कार्रवाई दुर्ग कोतवाली के उप निरीक्षक/सहायक उप निरीक्षक मोहन साहू एवं पुलिस टीम द्वारा की गई।

दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि नामी कंपनियों के नकली अथवा पायरेटेड सामान की खरीद-बिक्री न करें। पुलिस ने कहा कि ब्रांडेड उत्पादों के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी और कॉपीराइट उल्लंघन की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित किया जाए।

Leave Your Comment

Click to reload image