छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए कड़े निर्देश, शत-प्रतिशत बोर्ड परिणाम का लक्ष्य हासिल करने प्राचार्यों को दी जिम्मेदारी

 डीईओ रविकांत यादव एवं एसडीएम शशि शेखर मिश्रा ने ली चार घंटे की मेगा समीक्षा बैठक

एमसीबी/10 सितंबर 2026

विकासखंड भरतपुर में विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर को बेहतर बनाने और आगामी शिक्षा सत्र 2026-27 में शत-प्रतिशत बोर्ड परीक्षा परिणाम हासिल करने के उद्देश्य से वृहद समीक्षा बैठक आयोजित की गई। विकासखंड शिक्षा अधिकारी भरतपुर सच्चिदानंद साहू द्वारा आयोजित इस मेगा बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एमसीबी रविकांत यादव एवं एसडीएम भरतपुर शशि शेखर मिश्रा ने सभी संकुल प्राचार्यों, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों तथा संकुल शैक्षिक समन्वयकों के साथ लगभग चार घंटे तक मैराथन समीक्षा की।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी रविकांत यादव ने आगामी त्रैमासिक परीक्षा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित पाठ्यक्रम को समय पर पूर्ण करने, परीक्षा का सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करने तथा मूल्यांकन कार्य में पूरी निष्पक्षता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण अध्यापन तथा उनके शैक्षिक स्तर की सतत निगरानी पर जोर दिया।
डीईओ ने VSK ऐप पर शिक्षकों के शत-प्रतिशत पंजीयन, ऑनलाइन माध्यम से शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने तथा अवकाश आवेदन ऑनलाइन स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। शिक्षकों की अनधिकृत अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में अनुशासन और नियमितता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में माय भारत पोर्टल पर कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीयन, यू-डाइस पोर्टल पर छात्र-छात्राओं की एंट्री, छात्रवृत्ति योजना की प्रगति तथा अन्य विभागीय योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विभागीय योजनाओं का क्रियान्वयन केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित न रहे, बल्कि उसका वास्तविक लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अपार आईडी निर्माण एवं आवश्यक कार्यों में गति लाने, अनिवार्य MBU अपडेटेशन का कार्य पूर्ण करने तथा सभी प्राचार्यों से वन-टू-वन जानकारी लेकर लंबित कार्यों को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। प्रशस्त ऐप पर पंजीयन, स्वच्छ हरित विद्यालय में पंजीयन, पीएम ई-विद्या डिजिटल कार्यक्रम तथा प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में किचन गार्डन स्थापित करने सहित अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। सभी आवश्यक जानकारी निर्धारित समय-सीमा में विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए।
श्री यादव ने समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने और शैक्षणिक दायित्वों में लापरवाही बरतने वाले प्राचार्यों एवं शिक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारी भरतपुर को सभी हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
एसडीएम भरतपुर शशि शेखर मिश्रा ने प्राचार्यों एवं संकुल शैक्षिक समन्वयकों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने समयबद्धता, अनुशासन और विषय शिक्षकों द्वारा कक्षा में जाने से पूर्व विषय की तैयारी पर विशेष जोर देते हुए अध्ययन-अध्यापन के स्तर में सुधार लाने को कहा। उन्होंने स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी शैक्षिक कैलेंडर के अनुरूप विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों एवं अध्ययन-अध्यापन कार्य संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला सांख्यिकी अधिकारी अनिरुद्ध शुक्ला, विकासखंड शिक्षा अधिकारी भरतपुर सच्चिदानंद साहू, विकासखंड स्रोत समन्वयक देवेंद्र गुप्ता सहित विकासखंड भरतपुर के सभी हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य तथा सभी संकुल शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image