छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

एमसीबी : एमसीबी के युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच, ‘यंग लीडर डायलॉग’ बनेगा नई उड़ान

ऑनलाइन क्विज से शुरू होगी नेतृत्व की राह, जिलेभर के युवाओं की भागीदारी पर जोर

ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने जिला सलाहकार समिति ने बनाई कार्ययोजना

कलेक्टर तथा जिला सलाहकार समिति (माय भारत) की अध्यक्ष सुश्री संतन देवी जांगड़े के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मेरा युवा भारत (माय भारत) के अंतर्गत ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता के आयोजन एवं युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

जिला युवा अधिकारी सुश्री चहल कैलाशिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचार और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने के साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करेगा। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों से अपील की गई कि वे अपने विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों, गैर-सरकारी संगठनों तथा अन्य ज्ञान संस्थानों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।

बैठक में माय भारत की गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए विभागवार भूमिका एवं उत्तरदायित्व भी निर्धारित किए गए। साथ ही युवाओं को प्रशासनिक, न्यायिक, औद्योगिक, तकनीकी, सामाजिक एवं विकासात्मक संस्थाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के सहयोग से विविध गतिविधियां आयोजित करने पर सहमति बनी।

जिला सलाहकार समिति ने इस पहल को जिले के युवाओं में नेतृत्व क्षमता, नवाचार, सामाजिक सहभागिता एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। बैठक में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षा विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, कौशल विकास, स्काउट एंड गाइड, उच्च शिक्षा विभाग, लीड बैंक, एनएसएस जिला संगठक, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, संस्कृति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, माय भारत सहित अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image