छत्तीसगढ़ / सरगुजा

अम्बिकापुर : सेवा संकल्प से घर-घर पहुंचा नल का पानी, दूर हुई वर्षों की परेशानी

 जल जीवन मिशन से पानी के संकट का हुआ स्थायी समाधान, स्वच्छ पेयजल से स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ रहे ग्रामीण

अम्बिकापुर : सेवा संकल्प से घर-घर पहुंचा नल का पानी, दूर हुई वर्षों की परेशानी

जिला मुख्यालय सरगुजा से लगभग 61 किलोमीटर दूर विकासखंड सीतापुर स्थित ग्राम पंचायत भुसू के आश्रित ग्राम परसा में जल जीवन मिशन ने वर्षों पुराने पेयजल संकट को दूर कर ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। कभी बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष करने वाले ग्रामीण अब अपने घरों में नल से स्वच्छ पेयजल प्राप्त कर रहे हैं। घर तक पहुंचा पानी ग्रामीणों के लिए केवल सुविधा नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य, समय की बचत और सम्मानजनक जीवन का आधार बन गया है।
ग्राम परसा में वर्तमान में लगभग 110 परिवार निवासरत हैं। ग्रामीणों के लिए लंबे समय तक पेयजल की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती रही। विशेषकर गर्मी के दिनों में पानी की समस्या बढ़ जाती थी और ग्रामीणों को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए दूर-दूर तक पानी लेने जाना पड़ता था। महिलाओं और परिवार के अन्य सदस्यों का काफी समय पानी जुटाने में व्यतीत होता था।

जल जीवन मिशन के तहत गांव में घर-घर नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल पहुंचने से ग्रामीणों की दिनचर्या में व्यापक बदलाव आया है। अब पानी के लिए लंबी दूरी तय करने की जरूरत नहीं पड़ती। घर में नल से पानी मिलने के कारण ग्रामीण अपने समय का उपयोग खेती-बाड़ी, रोजगार, बच्चों की पढ़ाई और अन्य घरेलू एवं सामाजिक गतिविधियों में कर पा रहे हैं।
ग्राम पंचायत भुसू की सरपंच श्रीमती सूर्या सिंह बताती हैं कि घरों में नल से आने वाला स्वच्छ पानी ग्रामीणों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। पेयजल की उपलब्धता से गांव के लोगों को बड़ी राहत मिली है और स्वच्छ पानी के उपयोग से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी महसूस हुई है।

स्वच्छ पेयजल से स्वस्थ जीवनशैली की ओर बढ़ते कदम
स्वच्छ पेयजल किसी भी स्वस्थ समाज की बुनियाद है। जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को घर के पास स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से पेयजल से जुड़ी परेशानियां कम हुई हैं। अब ग्रामीण सुरक्षित पेयजल का उपयोग पीने, भोजन बनाने और दैनिक जरूरतों के लिए कर रहे हैं।
स्वच्छ पानी की नियमित उपलब्धता से ग्रामीणों में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है। पानी के लिए संघर्ष कम होने के साथ ही परिवारों को अपने स्वास्थ्य और जीवनशैली पर अधिक ध्यान देने का अवसर मिल रहा है। इस तरह जल जीवन मिशन केवल घरों तक पानी पहुंचाने की योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव का माध्यम बन रहा है।

प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2019 में शुरू किए गए जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों तक नल के माध्यम से सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल पहुंचाना है। इसी उद्देश्य के अनुरूप परसा में भी पेयजल की समस्या का समाधान हुआ और ग्रामीणों के घरों तक पानी पहुंचा।
कभी पानी की एक-एक बूंद के लिए दूर तक जाना पड़ता था, आज वही पानी घर के नल से उपलब्ध हो रहा है। यह बदलाव ग्रामीणों के जीवन में सुविधा के साथ-साथ स्वास्थ्य, समय की बचत, स्वच्छता और आत्मसम्मान लेकर आया है। इसके लिए ग्रामवासियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार जताया।

Leave Your Comment

Click to reload image