एमसीबी : जिले के विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर, नवोदय विद्यालय में 9वीं-11वीं में प्रवेश के आवेदन शुरू
30 सितंबर तक निःशुल्क कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन, 10 अप्रैल 2027 को होगी लेटरल एंट्री चयन परीक्षा
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश का सुनहरा अवसर है। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, केनापारा (बैकुंठपुर), जिला-कोरिया में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9वीं एवं 11वीं में पार्श्व चयन परीक्षा (लेटरल एंट्री चयन परीक्षा- LEST) के माध्यम से प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। वर्तमान में एमसीबी जिला जवाहर नवोदय विद्यालय, केनापारा के शैक्षणिक क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आता है।
30 सितंबर तक आवेदन, प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क
कक्षा 9वीं एवं 11वीं में प्रवेश के लिए इच्छुक पात्र विद्यार्थी 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए किसी प्रकार का शुल्क निर्धारित नहीं है। एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़, खड़गवां एवं भरतपुर विकासखंड के वे विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं, जो वर्तमान में किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में क्रमशः कक्षा 8वीं अथवा 10वीं में अध्ययनरत हैं। प्रवेश निर्धारित पात्रता एवं चयन परीक्षा के आधार पर होगा।
मोबाइल से घर बैठे भी कर सकते हैं आवेदन
विद्यार्थियों को आवेदन के लिए किसी विशेष स्थान पर जाने की आवश्यकता नहीं है। इंटरनेट सुविधा वाले कंप्यूटर, लैपटॉप अथवा मोबाइल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थी नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) अथवा लोकसेवा केंद्र की सहायता से भी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
9वीं और 11वीं के लिए अलग-अलग लिंक
आवेदन करने से पहले विद्यार्थी वेबसाइट पर उपलब्ध पात्रता शर्तों, आवश्यक दस्तावेजों एवं अन्य दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। जवाहर नवोदय विद्यालय से संबंधित जानकारी के लिए www.navodaya.gov.in पर देखा जा सकता है।
कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन
https://cbseitms.nic.in/2026/nvsix_9 @2026@nvsix-9 तथा कक्षा 11वीं के लिए https://cbseitms.nic.in/2026/nvsxi_11 निर्धारित है।
10 अप्रैल 2027 को होगी चयन परीक्षा
जवाहर नवोदय विद्यालय प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कक्षा 9वीं एवं 11वीं में लेटरल एंट्री के लिए चयन परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को आयोजित की जाएगी। विद्यार्थियों का चयन निर्धारित प्रवेश परीक्षा एवं लागू नियमों के अनुसार किया जाएगा। ऐसे में आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी समय रहते शुरू करने की सलाह दी गई है।
तकनीकी समस्या पर सहायक केंद्र से मिलेगी मदद
ऑनलाइन आवेदन के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी समस्या अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर अभ्यर्थी जवाहर नवोदय विद्यालय, केनापारा, बैकुंठपुर में स्थापित सहायक केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।