छत्तीसगढ़ / बलौदा बाजार

सेवा संकल्प अभियान : महतारी वंदन योजना से ‘नोनी सशक्तिकरण’ की ओर बढ़ता कदम, बेटी के भविष्य के लिए बचत कर रही जानकी

 बलौदाबाजार, 23 सितम्बर 2026

पति के गुजर जाने के बाद परिवार की जिम्मेदारियां संभालना किसी भी महिला के लिए आसान नहीं होता। ऐसे कठिन समय में जब सरकार की योजना आर्थिक सहारा बनकर साथ खड़ी होती है, तो वह केवल वर्तमान की जरूरतें पूरी करने का माध्यम नहीं रहती, बल्कि भविष्य के सपनों को संवारने का आधार भी बन जाती है। ग्राम रिसदा की  जानकी वर्मा पति स्व. विश्राम वर्मा  के लिए महतारी वंदन योजना ऐसी ही उम्मीद और संबल लेकर आई है।

जानकी वर्मा बताती हैं कि पति के निधन के बाद परिवार चलाना काफी मुश्किल हो गया था। घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ बच्चों के भविष्य की चिंता भी बनी रहती थी। ऐसे समय में महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली 1000 रुपये की सहायता राशि उनके लिए आर्थिक सहारा बनी। जानकी इस राशि को खर्च करने के बजाय अपनी बेटी के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से उसके नाम से खोले गए खाते में जमा कर रही हैं। उनका कहना है कि आज की यह छोटी-सी बचत आने वाले समय में उनकी बेटी की पढ़ाई और बेहतर भविष्य के लिए बड़ी मददगार साबित होगी।

जानकी वर्मा के लिए यह पहल केवल आर्थिक बचत नहीं, बल्कि ‘नोनी सशक्तिकरण’ की दिशा में एक मां का संकल्प है। वह चाहती हैं कि उनकी बेटी भविष्य में आत्मनिर्भर बने, अपने सपनों को पूरा करे और किसी के सामने मजबूर न हो। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली सहायता को बेटी के भविष्य के लिए सुरक्षित कर जानकी ने अपने वर्तमान संघर्ष के बीच आने वाले कल के लिए उम्मीद की एक मजबूत नींव रखी है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जानकी वर्मा कहती हैं कि प्रदेश की महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महतारी वंदन योजना एक महत्वपूर्ण पहल है। पति के निधन के बाद जब परिवार की जिम्मेदारियां उनके कंधों पर आईं, तब इस योजना से मिलने वाली सहायता ने उन्हें आर्थिक संबल दिया। वे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को हृदय से धन्यवाद देते हुए कहती हैं कि इस सहयोग से उन्हें अपनी बेटी के भविष्य के लिए बचत करने का अवसर मिला है।

जानकी की कहानी इस बात की भावनात्मक मिसाल है कि एक मां अपने संघर्षों के बीच भी अपनी बेटी के उज्ज्वल भविष्य का सपना देखती है और उसे साकार करने के लिए हर संभव प्रयास करती है। महतारी वंदन योजना से मिला आर्थिक संबल अब जानकी के लिए ‘नोनी सशक्तिकरण’ की उम्मीद बनकर उनकी बेटी के बेहतर और आत्मनिर्भर भविष्य की ओर बढ़ रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image