छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

सेवा संकल्प अभियान के तहत कबीरधाम में चला स्वच्छता अभियान

 सेवा संकल्प अभियान के तहत कबीरधाम में चला स्वच्छता अभियान

एनीकट, नदीघाट और गणेश विसर्जन स्थलों की हुई सफाई, अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ नागरिकों ने लिया भाग

कवर्धा, 25 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत कबीरधाम जिले में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत एनीकट परिसर, नदीघाट, गणेश विसर्जन स्थल सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई की गई। इस दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिकों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

जल संसाधन विभाग द्वारा एनीकट परिसर एवं नदीघाट में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर आसपास फैले कचरे और अपशिष्ट को हटाया गया। अभियान में शामिल लोगों ने श्रमदान कर परिसर की सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया। वहीं नगर के अन्य सार्वजनिक स्थलों, कार्यालय परिसरों, नालियों, आसपास के क्षेत्रों एवं मुख्य मार्गों की भी साफ-सफाई की गई तथा एकत्रित कचरे का उचित निस्तारण किया गया।

अभियान के दौरान नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने तथा अपने घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। स्वच्छ वातावरण से नागरिकों का स्वास्थ्य बेहतर होता है और शहर एवं गांव अधिक सुंदर और व्यवस्थित बनते हैं।

गणेश विसर्जन स्थल पर विशेष स्वच्छता अभियान

स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत नगर पंचायत पांडातराई में गणेश विसर्जन स्थल पर भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विसर्जन स्थल एवं आसपास के परिसर की सफाई कर कचरे और अन्य अपशिष्ट को हटाया गया तथा स्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित किया गया। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री आर के सोनी ने बताया कि स्वच्छता से जुड़ी ऐसी गतिविधिया आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगी।

Leave Your Comment

Click to reload image