आंगन मिलन सेवा से उत्सव स्थल बने आंगनबाड़ी केंद्र, पौष्टिक आहार और सुपोषित थाली का किया गया प्रदर्शन
सूरजपुर । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में आंगन मिलन सेवा का शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन आंगनबाड़ी केंद्रों में महिलाओं और परिवारों की सहभागिता से उत्सव जैसा माहौल रहा। केंद्रों में गर्भवती माताओं का स्वागत किया गया और पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों, हरी सब्जियों का प्रदर्शन किया गया। सुपोषित थाली के माध्यम से बताया गया कि रोजमर्रा के भोजन में अलग-अलग प्रकार के खाद्य पदार्थों को शामिल कर संतुलित आहार कैसे तैयार किया जा सकता है। उपस्थित महिलाओं ने पोषण और मातृ स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लाभार्थियों ने बताया कि योजनाओं से मिली सहायता का उपयोग वे अपनी और अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने में किस तरह कर रही हैं। इस दौरान उन्हें प्रोत्साहित भी किया गया। आंगन मिलन सेवा के माध्यम से परिवारों को माताओं और बच्चों के पोषण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही आंगन बाड़ी केन्द्र परिसर फलदार पौधों का रोपण भी किया गया।