छत्तीसगढ़ / सरगुजा

एम्पोरियम में अभियान अवधि तक नागरिक कर सकेंगे वस्त्र, खिलौने व उपयोगी सामग्री का दान

 अम्बिकापुर । सेवा ही संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम अम्बिकापुर द्वारा शुक्रवार को गांधी स्टेडियम में नेकी की दीवार के समीप स्थित एम्पोरियम में अन्न एवं वस्त्र दान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को जरूरतमंदों की सहायता के लिए उपयोगी सामग्री दान करने हेतु प्रेरित किया गया।

नगर निगम द्वारा एम्पोरियम को अभियान अवधि के दौरान आदान-प्रदान केंद्र के रूप में संचालित किया जाएगा। यहां नागरिक अपने घरों में उपलब्ध ऐसे वस्त्र, खिलौने एवं अन्य उपयोगी सामग्री दान कर सकेंगे, जिनका वे स्वयं उपयोग नहीं कर रहे हैं, लेकिन जो किसी अन्य व्यक्ति के काम आ सकती हैं।

केंद्र में संग्रहित सामग्री को जरूरतमंद नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार प्राप्त कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य उपयोग योग्य सामग्री को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के साथ समाज में सहयोग, सहभागिता और सेवा की भावना को बढ़ावा देना है।

नगर निगम ने नागरिकों से अभियान में सहभागिता करते हुए साफ-सुथरे एवं उपयोग योग्य वस्त्र, खिलौने तथा अन्य आवश्यक सामग्री दान करने की अपील की है। यह आदान-प्रदान केंद्र संपूर्ण अभियान अवधि में संचालित रहेगा।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image