छत्तीसगढ़ / रायपुर

धमतरी में भारी बारिश से उफान पर नदी-नाले

 कुरुद में बाढ़ के पानी में फंसे दर्जनों लोगों को SDRF और पुलिस ने सुरक्षित निकाला

रायपुर,सितम्बर 2026

कुरुद में बाढ़ के पानी में फंसे दर्जनों लोगों को SDRF और पुलिस ने सुरक्षित निकाला

कुरुद में बाढ़ के पानी में फंसे दर्जनों लोगों को SDRF और पुलिस ने सुरक्षित निकाला

कुरुद में बाढ़ के पानी में फंसे दर्जनों लोगों को SDRF और पुलिस ने सुरक्षित निकाला

        धमतरी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और जलभराव के बीच जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF ) की टीमों ने तत्परता और बेहतर समन्वय की मिसाल पेश की है। बाढ़ के पानी में जान जोखिम में डालकर फंसे लोगों को निकालने के लिए चलाए गए संयुक्त रेस्क्यू अभियानों के जरिए दर्जनों नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
लोमश ऋषि आश्रम से 9 लोगों का रेस्क्यू

       कुरुद क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध लोमश ऋषि आश्रम में जलभराव के कारण 9 लोग बाढ़ के पानी के बीच फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर कमान संभाली। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत दल ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
SDRF रायपुर की टीम ने शराब दुकान परिसर में चलाया अभियान

        इसी तरह ग्राम नारी (कुरुद) स्थित शराब दुकान परिसर में जलभराव के चलते कई लोग अचानक घिर गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसडीआरएफ रायपुर की विशेष टीम को मौके पर भेजा गया। एसडीआरएफ के जवानों ने उन्नत रेस्क्यू तकनीकों का उपयोग करते हुए फंसे हुए सभी लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।

       अभियान के दौरान तहसीलदार कुरुद, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी अमला एवं कुरुद पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा और बचाव कार्यों की निरंतर निगरानी की।
प्रशासन की अपील: उफान वाले स्थानों से दूर रहें

        जिला प्रशासन ने स्थिति पर 24 घंटे नजर रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में राहत दल, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि तेज बहाव वाले नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों की ओर न जाएं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जिला कंट्रोल रूम या स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने का आग्रह किया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image