सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानीः अमृत सरोवर ने रजनी और साथी महिलाओं को दिया आजीविका का जरिया
बिरीमकेला के ज्योति समूह ने अमृत सरोवर में शुरू किया मछली पालन, पहली बिक्री से हुई आमदनी
अब दोबारा डाली मछलियां, रजनी ने कहा-आजीविका बढ़ाकर अपने पैरों पर खड़े होने की है कोशिश
अम्बिकापुर 27 सितम्बर 2026
स्व-सहायता समूह से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर मिल रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बतौली विकासखंड के बिरीमकेला पंचायत के ज्योति स्व-सहायता समूह की कहानी भी इसी बदलाव को सामने लाती है। पहले समूह की महिलाएं किसी आयमूलक गतिविधि से नहीं जुड़ी थीं। मछली पालन के लिए अमृत सरोवर मिलने के बाद समूह ने इसे आजीविका के अवसर के रूप में अपनाया और अब महिलाएं सामूहिक रूप से अपनी आमदनी बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
पहली बिक्री ने बढ़ाया समूह का हौसला
ज्योति समूह की सदस्य रजनी चैहान बताती हैं कि अमृत सरोवर मिलने के बाद समूह ने पहली बार इसमें मछली पालन शुरू किया। पिछली बार तैयार हुई मछलियों में से लगभग 15 किलो मछली की बिक्री की गई, जिससे समूह को आमदनी हुई। पहली बार मिली इस आय ने महिलाओं को मछली पालन का काम आगे भी जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
रजनी ने बताया कि समूह ने एक बार फिर अमृत सरोवर में मछलियां डाली हैं। इस बार 10 पैकेट डाले गए हैं। समूह की महिलाएं मछली पालन को लगातार आगे बढ़ाकर इसे अपनी नियमित आजीविका का माध्यम बनाना चाहती हैं।
सामूहिक प्रयास से आत्मनिर्भरता की ओर कदम
रजनी बताती हैं कि पहले समूह में ऐसी कोई गतिविधि नहीं थी, जिससे महिलाओं को आमदनी हो सके। अमृत सरोवर से जुड़ने के बाद उन्हें मछली पालन के रूप में काम और आय का जरिया मिला। इससे समूह की महिलाएं उपलब्ध संसाधन का उपयोग कर सामूहिक रूप से आजीविका बढ़ाने का प्रयास कर रही हैं।
रजनी चैहान ने कहा, “पहले हम लोग समूह में कुछ नहीं करते थे। अब अमृत सरोवर मिला है, जिसमें मछली पालन कर रहे हैं और हमारी आजीविका बढ़ रही है। आगे भी हम लोग आजीविका बढ़ाएंगे और अपने पैरों पर खड़े होंगे।”
उन्होंने समूह की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। ज्योति समूह की महिलाएं अब मछली पालन को आगे बढ़ाते हुए अपनी आय बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में काम कर रही हैं।