सेवा संकल्प अभियान 2026-कटेकल्याण ग्राम पंचायत गुड़से में आवास जन चौपाल आयोजित, आवास कार्यों में तेजी और मनरेगा में अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश
दंतेवाड़ा, सितंबर 2026
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम. भार्गव ने ग्राम पंचायत गुड़से में आयोजित आवास जन चौपाल में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न ग्रामीण विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पात्र हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित आवासों को निर्धारित समय-सीमा में शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को दिए। इस आवास जन चौपाल में ग्रामीणों से आवास निर्माण के दौरान आ रही समस्याओं की जानकारी ली गई तथा निर्माण कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। जिला पंचायत सीईओ श्री भार्गव ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को आवास योजना का लाभ समय पर मिले और स्वीकृत आवास अधूरे न रहें, इसके लिए मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी की जाए।
इस अवसर पर वीबी-जी राम जी के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। विशेष रूप से अक्टूबर माह में मनरेगा के तहत अधिकाधिक मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा मांग के अनुरूप कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराते हुए मनरेगा के कार्यों में अधिक से अधिक श्रमिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इस दौरान जनपद पंचायत सीईओ श्री बलराम ध्रुव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी,ग्रामीणजन उपस्थित थे। जिला पंचायत सीईओ ने पंचायत क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की भी जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के साथ-साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनकर उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।