सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय रोजगार मेले में 36 युवाओं का चयन
128 युवाओं ने लिया हिस्सा, निजी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसरों से जुड़ेंगे चयनित युवा
दंतेवाड़ा, सितंबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन दंतेवाड़ा एवं रोजगार विभाग द्वारा जिला परियोजना लाइवलिहुड कॉलेज, दंतेवाड़ा में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में जिले के 128 युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न निजी क्षेत्र की संस्थाओं में रोजगार के अवसरों के लिए चयन प्रक्रिया में भाग लिया।
रोजगार मेले के माध्यम से कुल 36 युवाओं का विभिन्न पदों पर चयन किया गया। इनमें 9 युवाओं का चयन एक्सिस बैंक में असिस्टेंट मैनेजर ट्रेनी के पद पर किया गया है। वहीं तकनीकी योग्यता रखने वाले 27 युवाओं का चयन इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन के पद पर हुआ है। रोजगार के अवसर प्राप्त होने से चयनित युवाओं में उत्साह का माहौल है। चयनित युवाओं को आगामी 8 अक्टूबर 2026 को बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम, रायपुर में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के कर-कमलों से नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर से चयनित युवाओं को अपने रोजगार जीवन की नई शुरुआत करने का अवसर मिलेगा।
जिला प्रशासन द्वारा सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले के युवाओं को उनकी शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। रोजगार मेलों के आयोजन से युवाओं को निजी क्षेत्र की संस्थाओं से सीधे जुड़ने और अपनी क्षमता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। जिला प्रशासन का यह प्रयास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें रोजगार से जोड़कर सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।