छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

सेवा संकल्प अभियान- नन्हीं बेटी के टीकाकरण के बाद रीना तेलाम को मिला 6,000 का आर्थिक संबल

 दंतेवाड़ा, सितंबर 2026

सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में बचेली नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 16-2 निवासी श्रीमती रीना तेलाम को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना 2.0 के अंतर्गत अपनी नन्हीं बेटी के निर्धारित टीकाकरण चक्र को समय पर पूरा कराने के बाद 6,000 की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई है।
रीना तेलाम के घर दूसरी संतान के रूप में बेटी का जन्म हुआ। शिशु के जन्म के बाद स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की सलाह के अनुसार उन्होंने बच्ची के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण पर विशेष ध्यान दिया। बच्ची के 14 सप्ताह तक के आवश्यक टीकाकरण को समय पर पूरा कराया गया। टीकाकरण की निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद योजना के प्रावधानों के अनुसार ₹6,000 की राशि सीधे रीना तेलाम के बैंक खाते में अंतरित की गई। समय पर मिली यह आर्थिक सहायता रीना के परिवार के लिए महत्वपूर्ण संबल बनी। उन्होंने बताया कि राशि का उपयोग अपनी नन्हीं बेटी की देखभाल, उसके पोषण, कपड़े और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के साथ-साथ स्तनपान कराने वाली मां के पौष्टिक आहार पर किया जा रहा है। योजना के माध्यम से मिली राशि ने परिवार को बेटी के शुरुआती पालन-पोषण के दौरान आर्थिक राहत प्रदान की है।
 
रीना तेलाम ने साझा किया अपना अनुभव

रीना तेलाम ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “बच्ची के शुरुआती टीके पूरे होने के बाद जब 6,000 की राशि सीधे मेरे खाते में आई, तो यह हमारे लिए बहुत बड़ी आर्थिक मदद थी। बच्ची की देखभाल और अपने खान-पान का ध्यान रखने में इस राशि का बहुत लाभ मिला। सही समय पर मिली इस सहायता से मुझे काफी राहत और सुकून मिला।” प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना 2.0 के माध्यम से पात्र माताओं को निर्धारित शर्तों की पूर्ति पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। रीना तेलाम की कहानी इस बात का उदाहरण है कि समय पर मिलने वाली आर्थिक सहायता मां और शिशु दोनों की बेहतर देखभाल में उपयोगी साबित हो रही है। योजना से जुड़ी ऐसी पहल मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के साथ परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image