आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती : आवेदन 21 अक्टूबर तक
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
समाचार
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/एकीकृत बाल विकास परियोजना सकरी अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र उस्लापुर 4 में आंगनबाड़ी सहायिका के एक रिक्त पर 7 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाईन आवेदन किये जा सकते है। इच्छुक आवेदिका ई भर्ती पोर्टल https://aww.e-bharti.in/ में जाकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करते हुए आवेदन कर सकती है।
रचना/253/1979
--00--
सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानी
नहरों के अंतिम छोर तक पहुंचा पानी, किसानों की खेती को मिली मजबूती
आमाचुवा और लोवर मनियारी योजना से 2,197 हेक्टेयर खेतों को सिंचाई का लाभ
खरीफ के साथ रबी के लिए भी पानी, नहरों के सुधार से बढ़ीं सुविधाएं
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/खेतों तक पहुंचती सिंचाई की धार तखतपुर क्षेत्र के किसानों के लिए खेती का मजबूत सहारा बन रही है। आमाचुवा जलाशय और लोवर मनियारी व्यपवर्तन योजना से 2,197 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिल रहा है। नहरों के सुदृढ़ीकरण से अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था बेहतर हुई है। आमाचुवा जलाशय से खरीफ के साथ किसानों की मांग के अनुरूप रबी फसल के लिए भी पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
रचना/254/1980
--00--
सेवा संकल्प अभियान : गिरधौना में आंगन मिलन उत्सव का आयोजन
न्यौता भोज के साथ हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा का दिया गया संदेश
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/सेवा संकल्प अभियान के सेक्टर गिरधौना के आंगनबाड़ी केंद्र खैरी क्रमांक-2 में आंगन मिलन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती माधवी वस्त्रकार, जनपद सदस्य श्री रामकुमार सिंगरौल, सरपंच श्रीमती राजकुमारी सोनवानी, पंच श्री प्रेमलाल सिंगरौल सहित रोहित, नीलसरोज सिंगरौल, लक्ष्मण धुर्वे एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
रचना/255/1981
--00--
जनभागीदारी से रेडक्रॉस के सेवा कार्यों को दें विस्तार : चैयरमेन श्री तोमन साहू
रक्तदान, अंगदान और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने युवाओं को जोड़ने पर जोर
बिल्हा के विद्यालयों में मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति चलेगा जागरूकता अभियान
बिलासपुर, 30 सितंबर 2026/भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के राज्य चेयरमेन श्री तोमन साहू की अध्यक्षता में जिला शाखा बिलासपुर की समीक्षा बैठक जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित की गई। उन्होंने जनभागीदारी से सेवा कार्यों का विस्तार करने और युवाओं की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल उपस्थित थे।
रचना/256/1982
--00--
मंगला में सेवा संकल्प अभियान के तहत जल संरक्षण और स्वच्छता गतिविधियां आयोजित
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगला में जल संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जल स्रोत सुधार, नदी घाट स्वच्छता अभियान, जल चौपाल एवं जल संकल्प जैसी गतिविधियां मंगला (पासीद) एनीकट क्षेत्र में की गईं।
रचना/ 257/1983
--00--
आयुष्मान कार्ड बना स्वास्थ्य का सहारा, निःशुल्क किडनी उपचार से मिली नई उम्मीद
शासकीय योजनाओं से स्वास्थ्य सुविधाएं हुई आसान
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/गंभीर बीमारी के उपचार में होने वाला खर्च कई परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक चुनौती बन जाता है। ऐसे समय में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत सहारा बन रही है। योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को गंभीर बीमारियों के उपचार की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। जिले के सीपत तहसील अंतर्गत ग्राम लगरा निवासी सुश्री प्रशंसा सिंह के लिए भी आयुष्मान कार्ड उनके उपचार का महत्वपूर्ण माध्यम बना है।
रचना/258/1984
--00--
ग्रामसभा में तय होगी गांव के विकास की दिशा, ग्रामीण बनाएंगे अपनी पंचायत की योजना
वीबी-जी राम जी योजना के तहत जिले की 486 ग्राम पंचायतों में बनेगी विकसित ग्राम पंचायत योजना
2 अक्टूबर से शुरू होगी प्रक्रिया, ग्रामीणों से लिए जाएंगे सुझाव
बिलासपुर, 30 सितंबर 2026/गांव में कौन से विकास कार्य जरूरी हैं और किन जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए, यह ग्रामीण ग्रामसभा में तय करेंगे। जिले की 486 ग्राम पंचायतों में 2 अक्टूबर से आयोजित होने वाली ग्रामसभाओं के माध्यम से विकसित ग्राम पंचायत योजना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होगी। वीबी-जी राम जी योजना के तहत ग्रामीणों के सुझावों, स्थानीय संसाधनों और क्षेत्र की आवश्यकताओं के आधार पर विकास कार्यों का खाका तैयार किया जाएगा। योजना निर्माण में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें पंचायत के आधारभूत आंकड़ों, मानचित्रों और योजना तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। अक्टूबर और नवंबर में बस्ती एवं वार्ड स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में गांव की जरूरतों, समस्याओं और विकास की प्राथमिकताओं पर सुझाव लिए जाएंगे। दिसंबर में भूमि एवं क्षेत्र परिचय के आधार पर तैयार विकसित ग्राम पंचायत योजना का प्रारूप ग्रामसभा के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। ग्रामसभा के अनुमोदन के बाद योजनाओं को विकासखंड और जिला स्तर पर समेकित किया जाएगा। समेकन की प्रक्रिया 15 जनवरी तक पूरी की जाएगी।
रचना/259/1985
--00--
सेवा सेतु से अक्षय कुमार को घर के नजदीक मिली शासकीय सेवा
शासन की डिजिटल सेवाओं से हर वर्ग हो रहा लाभान्वित
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/शासन की डिजिटल सेवाओं का लाभ अब आम नागरिकों को घर के नजदीक और सुविधाजनक तरीके से मिल रहा है। विभिन्न शासकीय सेवाओं को सरल और सुगम बनाने के उद्देश्य से जिले में संचालित सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को आवश्यक प्रमाण पत्र एवं अन्य सेवाओं का लाभ कम समय में मिल रहा है।
रचना/260/1986
--00--
दानवीर भामाशाह सम्मान के लिए आवेदन 1 अक्टूबर तक
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/समाज कल्याण विभाग द्वारा दानवीर भामाशाह सम्मान 2026 के लिए 1 अक्टूबर 2026 तक आवेदन मंगायेे गये है। यह सम्मान प्रतिवर्ष राज्योत्सव के अवसर पर दानशीलता, सौहार्द्र एवं अनुकरणीय सहायता प्रदान करने वाले व्यक्ति अथवा संस्था को प्रदान किया जाता है। चयनित व्यक्ति अथवा संस्था को एक लाख रुपये की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। सम्मान के लिए आवेदक व्यक्ति अथवा संस्था का छत्तीसगढ़ में निवासरत या कार्यरत होना अनिवार्य है। इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्थाएं अपना आवेदन 01 अक्टूबर 2026 तक संयुक्त संचालक, समाज कल्याण विभाग, पुरानी कंपोजिट बिल्डिंग, कमरा नंबर-04 में जमा कर सकते है।
पटेल/261/1987
--00--
सेवा संकल्प अभियान में जल संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश
दवनपुर में ‘जल जन सेवा संकल्प’ कार्यक्रम आयोजित, ग्रामीणों ने ली जल संरक्षण की सामूहिक शपथ
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/सेवा संकल्प अभियान के तहत जल संसाधन विभाग द्वारा विकासखंड कोटा के ग्राम दवनपुर में ‘जल संरक्षण एवं जनभागीदारी’ पर केन्द्रित ‘जल जन सेवा संकल्प’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं पंचायत विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्री मोहित जायसवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
जल संसाधन संभाग कोटा के अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश कुमार राठौर ने जल संरक्षण, जनभागीदारी तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। पीएचई विभाग के उप अभियंता द्वारा जल जीवन मिशन सहित पेयजल से जुड़ी योजनाओं एवं जल के विवेकपूर्ण उपयोग के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया गया। मुख्य अतिथि श्री मोहित जायसवाल ने कहा कि जल का संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। वर्तमान में जल की बचत आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की बुनियाद है। उन्होंने ग्रामीणों से वर्षा जल के संचयन और पानी के सदुपयोग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में सिंचाई से वंचित क्षेत्रों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाई गई। जनजागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को जल की प्रत्येक बूंद बचाने और जलस्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
पटेल/262/1988
--00--
बिलासा एयरपोर्ट में लेखापाल पद के लिए पात्र-अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी
दावा-आपत्ति 11 अक्टूबर तक आमंत्रित
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट, चकरभाठा में लेखापाल के पद पर संविदा नियुक्ति के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा सूची को जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया है। अभ्यर्थी सूची का अवलोकन कर अपनी दावा-आपत्ति 11 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे तक चकरभाठा स्थित एयरपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त दावा-आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
पटेल/263/1989
--00--
समाचार
बाल विवाह रोकथाम और बाल संरक्षण में पंचायतों की अहम भूमिका : कलेक्टर
लैंगिक समानता, बाल संरक्षण एवं किशोर सशक्तिकरण पर जिला स्तरीय कार्यशाला
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/किशोर-किशोरियों के सशक्तिकरण, लैंगिक समानता, बाल विवाह की रोकथाम एवं बाल संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन एवं यूनिसेफ-एग्रीकोन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्ट्रेट के मंथन सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सरपंच, पंचायत सचिव एवं युवोदय के युवा वालंटियर्स ने भाग लिया।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम और बच्चों की सुरक्षा में पंचायतों के साथ युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने गांवों में सक्रिय युवा वालंटियर्स तैयार कर उन्हें सामुदायिक कल्याण एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया। प्रतिभागियों को बाल विवाह मुक्त एवं नशा मुक्त ग्राम पंचायत बनाने की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। एसएसपी श्री रजनीश सिंह ने नशा मुक्त ग्राम पंचायत के निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों, महिलाओं और युवाओं के सामूहिक प्रयास को जरूरी बताया। जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने बाल मित्र ग्राम पंचायत की अवधारणा समझाते हुए बच्चों के लिए संवेदनशील एवं सुरक्षित वातावरण विकसित करने पर जोर दिया।
कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास विभाग के श्री सत्यनारायण राठौर, यूआरसीसी श्री वासुदेव पांडेय, चाइल्डलाइन की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर सुश्री रीमा तथा यूनिसेफ स्टेट टीम के एसबीसीसी विशेषज्ञ श्री अभिषेक सिंह ने बाल संरक्षण, लैंगिक समानता, रेफरल सेवाओं एवं सामुदायिक सहभागिता पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का समन्वय यूनिसेफ-एग्रीकोन के जिला समन्वयक श्री चेतन यादव एवं टीम ने किया। कार्यशाला में प्रतिभागियों ने सुरक्षित बचपन, समान अवसर और सशक्त किशोर-किशोरियों के लिए ग्राम स्तर पर मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
पटेल/264/1990
--00--
सेवा सेतु अभियान के तहत भकुर्रा नवापारा में जिला स्तरीय शिविर 1 अक्टूबर को
ग्रामीणों को मिलेगा शासन की योजनाओं का लाभ, स्वास्थ्य परीक्षण के साथ बनेंगे आयुष्मान कार्ड
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित ‘सेवा सेतु अभियानकृसरकार आपके द्वार’ के तहत 1 अक्टूबर को जनपद पंचायत तखतपुर के ग्राम भकुर्रा नवापारा में सवेरे 10 बजे से जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर ग्राम के प्राथमिक शाला प्रांगण में आयोजित होगा।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ ही उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के निराकरण की पहल भी की जाएगी। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। अन्य विभागों द्वारा भी अपनी विभागीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाया जाएगा।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने शिविर से संबंधित सभी विभागीय अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीणों तक सहज रूप से पहुंचाना तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित करना है।
पटेल/265/1991
--00--
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के पूर्व वरिष्ठजनों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के पूर्व आज वरिष्ठ नागरिकों के लिए बृहस्पति बाजार स्थित अनुभव भवन में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कुर्सी दौड़, मटका फोड़, बकेट बॉल और पासिंग बॉल जैसे खेलों में वरिष्ठजनों ने बड़े उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के पश्चात प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता वरिष्ठजनों को समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक श्री टी.पी. भावे एवं सहायक संचालक श्री सुमित केशरवानी द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ज्येष्ठ नागरिक संघ के अध्यक्ष श्री अरविन्द दीक्षित और भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ के जिला अध्यक्ष श्री राकेश जैन, श्रीमती सत्यभामा अवस्थी, श्री बालकृष्ण अग्रवाल, श्री प्रशांत मोकासे, श्री संजय खुराना, वंमशी कृष्णा सिलारपू, उपेन्द्र सिंह, बसंत श्रीवास, रमाशंकर शुक्ला, रंजीत सिंह एवं अन्य वरिष्ठजनों के संगठनों के पदाधिकारी एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे।
पटेल/266/1992