सेवा संकल्प अभियान : ग्राम लिमोरा में ‘सेवा सेतु शिविर’ संपन्न
विभिन्न योजनाओं के तहत आवेदनों का हुआ त्वरित निराकरण
पंचायत, राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं से लाभान्वित हुए ग्रामीण
बालोद, 01 अक्टूबर 2026
राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित व समयबद्ध समाधान हेतु बालोद विकासखंड के ग्राम पंचायत लिमोरा में ‘सेवा सेतु शिविर’ का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व तथा स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत और देश-भक्ति पर आधारित सुंदर मनमोहक प्रस्तुति दी। जिसकी काफी सराहना हुई।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सैकड़ों हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कुल 867 आवेदनों का निराकरण किया गया। इनमें मुख्य रूप से श्रम कार्ड ई-केवाईसी के 450, स्वच्छ भारत मिशन (व्यक्तिगत शौचालय) के 131, वी.बी.जी. राम जी (जॉब कार्ड) के 95, जन्म पंजीयन-प्रमाण पत्र के 05, मृत्यु पंजीयन-प्रमाण पत्र के 48, श्रम कार्ड के 29, पेंशन के 57 (44 पात्र एवं 13 अपात्र), प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना (प्रथम किश्त) के 10, परिवार सहायता के 6, एन.आर.एल.एम. (बिहान) के 04 तथा विवाह पंजीयन के 32 आवेदन शामिल रहे।
राजस्व विभाग अंतर्गत नामांतरण, प्रमाण पत्र और स्वामित्व अधिकार संबंधी मामलों का निराकरण
राजस्व विभाग अंतर्गत कुल 576 प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया गया। इसके अंतर्गत ग्रामीणों की सुविधा के लिए आय प्रमाण पत्र के 460, जाति प्रमाण पत्र के 46, निवास प्रमाण पत्र के 28, नामांतरण के 33 एवं खाता विभाजन के 9 प्रकरणों का स्थल पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई।
आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड से सशक्त हुआ स्वास्थ्य सुरक्षा चक्र
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनसामान्य को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श देने के साथ-साथ शासन की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत कुल 70 हितग्राहियों के आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड बनाए गए। इसमें आयुष्मान कार्ड के 62 तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रारंभ किए गए वय वंदना कार्ड के 08 प्रकरणों का पंजीयन किया गया।
योजनाओं की जानकारी देकर अंतिम व्यक्ति तक सुशासन पहुँचाने का संकल्प
शिविर के दौरान वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों एवं मैदानी अमले ने उपस्थित ग्रामीणों को शासन की विभिन्न लोक-कल्याणकारी नीतियों तथा फ्लैगशिप योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री नूतन कंवर के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का मुख्य ध्येय शासन-प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक ले जाना तथा पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से मौके पर ही समस्याओं का समाधान कर सुशासन को सुदृढ़ करना है।
इस अवसर पर जिला पंचायत बालोद के उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री कृष्णकांत पवार, श्री राकेश छोटू यादव सहित संबंधित क्लस्टर की ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि, नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।